सांसद रूपकुमारी को छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, अंडमान निकोबार व पुडुचेरी का मिला प्रभार।

हर घर तिरंगा अभियान: भाजपा ने राष्ट्रीय समन्वयकों को सौंपी राज्यों की जिम्मेदारी।

नई दिल्ली/रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने 'हर घर तिरंगा–तिरंगा यात्रा 2026' अभियान के लिए पहले से गठित राष्ट्रीय समन्वयक टीम को राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों का प्रभार सौंप दिया है। पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी देकर अभियान को देशभर में प्रभावी ढंग से संचालित करने की तैयारी की गई है। 


भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अरुण सिंह अभियान के राष्ट्रीय संयोजक रहेंगे। उन्हें दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान का प्रभार दिया गया है। पूर्व हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राष्ट्रीय सचिव डॉ. अनिल एंटनी को आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल का दायित्व मिला है। सांसद कामाख्या प्रसाद तासा को मणिपुर, मिजोरम, सिक्किम, असम और गुजरात, जबकि भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राजकुमार चाहर को दादरा एवं नगर हवेली एवं दमन-दीव, गोवा, महाराष्ट्र और मुंबई का प्रभार दिया गया है। 


इसी क्रम में महासमुंद लोकसभा सांसद एवं भाजपा छत्तीसगढ़ की प्रदेश उपाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी को राष्ट्रीय टीम में सदस्य के रूप में उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, अंडमान एवं निकोबार तथा पुडुचेरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं पूर्व विधायक अनंत ओझा को अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, मेघालय और ओडिशा तथा छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव को बिहार, सिक्किम और नागालैंड का प्रभार दिया गया है। 


भाजपा का 'हर घर तिरंगा–तिरंगा यात्रा 2026' अभियान स्वतंत्रता और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया जाएगा। पार्टी का मानना है कि अनुभवी नेतृत्व को क्षेत्रवार जिम्मेदारी सौंपने से अभियान का संचालन अधिक प्रभावी और व्यवस्थित होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post