बागबाहरा — प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोमाखान में जीवन दीप समिति की साधारण सभा का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें अस्पताल प्रबंधन एवं क्षेत्रीय स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा कर मरीजों के हित में सेवाओं को और बेहतर बनाने पर बल दिया गया। बैठक का संचालन जनपद अध्यक्ष एवं जीवन दीप समिति अध्यक्ष केशव नायक राम चंद्राकर के मार्गदर्शन में हुआ।
बैठक में कोमाखान, हाथीबाहरा और मुनगासेर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रतिनिधि तथा प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। मंच पर विधायक प्रतिनिधि खेमराज सिन्हा, जनपद सभापति लता जनक कुम्हार, जनपद सदस्य तुलाराम ठाकुर, जनपद सदस्य मानबाई मंगलू ठाकुर, सरपंच हाथीबाहरा निशा सागर चंद्राकर, सरपंच मुनगासेर लता राजू चंद्राकर, सरपंच कोमाखान जामा बाई, खंड चिकित्सा अधिकारी बागबाहरा डॉ बीएस बढ़ई सहित समिति के सभी सदस्य मौजूद थे।
सभा में अस्पताल के ढाँचे, दवाइयों की उपलब्धता, स्टाफिंग, आपातकालीन सेवाओं और साफ-सफाई जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। अध्यक्ष केशव नायक राम चंद्राकर ने कहा, "अस्पताल में आने वाले मरीजों का हित हमारे लिए सर्वोपरि है। सभी अधिकारी-कर्मचारियों को टीम भावना के साथ पूरी संवेदना और निःस्वार्थ भाव से सेवा करनी चाहिए।" उन्होंने अस्पताल व्यवस्थाओं में सुधार हेतु कई व्यावहारिक सुझाव भी दिए।
उपस्थिति अधिकारियों ने स्थानीय स्वास्थ्य चुनौतियों और संसाधन-संवर्द्धन की योजनाओं पर अपने विचार रखे। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीएस बढ़ई ने कहा कि आवश्यक दवाइयों की नियमित आपूर्ति और मरीजों के त्वरित परीक्षण सुविधा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। सरपंचों ने गांवों तक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित करने का प्रस्ताव रखा।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने मरीज-केंद्रित सेवाओं को प्राथमिकता देने, स्टाफ प्रशिक्षण और सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने पर सहमति जताई। समिति ने अनुशंसा की कि आगामी तिमाही में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए और आवश्यक संसाधनों के लिए जिला प्रशासन से अनुशंसा लिया जाएगा।
