🚨 महासमुंद पुलिस को मिली हाईटेक फॉरेंसिक मोबाइल वैन, अब मौके पर ही होगी वैज्ञानिक जांच; अपराधियों पर कसेगा शिकंजा।

 चलती-फिरती वैज्ञानिक लैब बनी महासमुंद पुलिस की नई ताकत, हत्या-लूट जैसे जघन्य मामलों की जांच होगी और तेज व सटीक।




महासमुंद, 23 मई 2026। गंभीर और जघन्य अपराधों की जांच को अधिक तेज, वैज्ञानिक और सटीक बनाने की दिशा में महासमुंद पुलिस को बड़ी उपलब्धि मिली है। अब महासमुंद पुलिस अत्याधुनिक हाईटेक फॉरेंसिक मोबाइल वैन से लैस हो गई है, जो मौके-ए-वारदात पर पहुंचकर प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच करने में सक्षम होगी। यह वैन एक चलते-फिरते वैज्ञानिक प्रयोगशाला (मोबाइल लैब) के रूप में कार्य करेगी, जिससे हत्या, लूट, महिला संबंधी अपराध सहित अन्य गंभीर मामलों में तत्काल साक्ष्य संकलन और परीक्षण संभव हो सकेगा।

शनिवार को रक्षित केंद्र महासमुंद में आयोजित विशेष कार्यक्रम में महासमुंद लोकसभा सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, जिला प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में इस अत्याधुनिक फॉरेंसिक मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस नई सुविधा के शुरू होने से अब पुलिस को घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम के पहुंचने का लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और शुरुआती साक्ष्यों को नष्ट या दूषित होने से पहले सुरक्षित किया जा सकेगा।

मौके पर ही होगी जांच, सैंपलिंग और डेटा विश्लेषण की सुविधा

महासमुंद पुलिस को मिली यह फॉरेंसिक मोबाइल वैन अपराध अनुसंधान में नई क्रांति साबित हो सकती है। वैन में उपलब्ध आधुनिक उपकरणों के माध्यम से घटनास्थल पर ही मानव रक्त परीक्षण, फिंगर प्रिंट, फुट प्रिंट लिफ्टिंग, हस्तलिपि परीक्षण, हैंडराइटिंग का प्रारंभिक परीक्षण, डिजिटल डेटा रिट्रीव, अत्याधुनिक कैमरों से रिकॉर्डिंग एवं सूक्ष्मदर्शी (माइक्रोस्कोप) से विश्लेषण जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि इससे जैविक एवं डिजिटल साक्ष्यों की गुणवत्ता और जांच की गति दोनों में व्यापक सुधार आएगा। अपराध स्थल दूषित होने से पहले ही महत्वपूर्ण सबूत सुरक्षित किए जा सकेंगे, जिससे अपराधियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाने और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने में मदद मिलेगी।

अधिकारियों को कराया गया वैन का निरीक्षण

कार्यक्रम के दौरान जिला फॉरेंसिक वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. लवकेश सिंह ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को वैन का बारीकी से निरीक्षण कराते हुए इसकी उपयोगिता, तकनीकी विशेषताओं और कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी।

इसके बाद महासमुंद लोकसभा सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष हेतराम साहू, कलेक्टर विनय लंगेह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष राहुल चंद्राकर, जिला मीडिया प्रभारी आनंद राम साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में फॉरेंसिक मोबाइल वैन को जिला मुख्यालय से रवाना किया गया।

इस अवसर पर डीएसपी (मुख्यालय) चुन्नू तिग्गा, डीएसपी (यातायात) घनेन्द्र ध्रुव, रक्षित निरीक्षक दीप्ति कश्यप, जिला फॉरेंसिक वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. लवकेश सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।

अपराध जांच में साबित होगी मील का पत्थर

महासमुंद पुलिस का मानना है कि यह अत्याधुनिक फॉरेंसिक मोबाइल वैन अपराध अनुसंधान और वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन को पहले से कहीं अधिक प्रभावी बनाएगी। इससे न केवल अपराधियों तक तेजी से पहुंचने में मदद मिलेगी, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया को भी मजबूत आधार मिलेगा। जिले में कानून व्यवस्था को और सशक्त बनाने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post