“ग्रीन सपोस क्रिकेट टूर्नामेंट ने रचा इतिहास: हजारों खेल प्रेमियों की मौजूदगी में गूंजा खेल का उत्साह”
पिथौरा। ग्राम सपोस में आयोजित भव्य रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला एवं इनाम वितरण समारोह ऐतिहासिक और उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। हजारों खेल प्रेमियों की मौजूदगी ने यह साबित कर दिया कि ग्राम ग्रीन सपोस का यह आयोजन अब केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान स्थापित कर चुका है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महासमुंद लोकसभा सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने की। वहीं बसना विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल अतिविशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष ऊषा पुरषोत्तम घृतलहरे, जनपद उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल, बसना जनपद उपाध्यक्ष मोहित पटेल, बागबहरा जनपद उपाध्यक्ष तरुण व्यवहार, पूर्व जनपद अध्यक्ष सतपाल सिंह छाबड़ा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष हरप्रसाद पटेल, कृष्णकुमार साहू, मंडल अध्यक्ष हलधर साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मंचासीन रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया। रोमांचक मुकाबले में ग्रीन सपोस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रायगढ़ इलेवन को पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम ग्रीन सपोस को ₹1 लाख 51 हजार नगद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता रायगढ़ इलेवन को ₹80 हजार नगद पुरस्कार एवं ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के शुभारंभ से पहले जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि पुरषोत्तम घृतलहरे के नेतृत्व में मुख्य अतिथि गुरु खुशवंत साहेब का पारंपरिक एवं भव्य स्वागत किया गया। उन्हें अरसा रोटी से तौला गया, वहीं पंथी नृत्य, राउत नृत्य, गाजे-बाजे, आतिशबाजी और फूलमालाओं के साथ भव्य अगवानी की गई। स्काउट गाइड के छात्रों ने सलामी देकर अतिथियों का सम्मान किया, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई।
इनाम वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि “मैदान में उमड़ी हजारों खेल प्रेमियों की भीड़ इस बात का प्रमाण है कि ग्राम ग्रीन सपोस का आयोजन पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान बना चुका है। प्रदेशभर से खिलाड़ी यहां भाग लेने पहुंचते हैं, जो इस आयोजन की लोकप्रियता और खेल प्रतिभाओं के प्रति समर्पण को दर्शाता है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ऐसे खेल आयोजन युवा प्रतिभाओं को मंच देने का कार्य करते हैं और आने वाले समय में यह खिलाड़ियों के भविष्य निर्माण में मील का पत्थर साबित होंगे।
वहीं बसना विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने कहा कि “ग्राम ग्रीन सपोस हमेशा बड़े आयोजनों के लिए जाना जाता रहा है और आज प्रदेश के सबसे अधिक खेल प्रेमियों की उपस्थिति ने एक नया इतिहास रच दिया है।”
जनपद अध्यक्ष ऊषा पुरषोत्तम घृतलहरे ने कहा कि भागदौड़ और प्रतिस्पर्धा के इस दौर में ऐसे आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ युवाओं को खेलों से जोड़ने का कार्य करते हैं। वहीं जनपद उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल ने स्वस्थ जीवन में खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हर व्यक्ति की दिनचर्या में खेल का विशेष महत्व होना चाहिए।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण पुरषोत्तम घृतलहरे ने दिया, जबकि आभार प्रदर्शन ग्राम पंचायत सपोस के सरपंच किशोर चंद बघेल ने किया। मंच संचालन नरेंद्र बोरे द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जनपद सदस्य कवलजीत सिंह छाबड़ा, दिनेश अग्रवाल, पुन्नी विष्णु साहू, हेमंत ठाकुर, निरंजन यादव, सोनू छाबड़ा, सोहन पटेल, गणेश पटेल, बाबूलाल साव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सोसायटी अध्यक्ष, सैकड़ों सरपंच, ग्रामीणजन, खेल प्रेमी एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह, खेल भावना और सांस्कृतिक रंगत का अनूठा संगम देखने को मिला।

