सप्लाई लाइन पर पुलिस का बड़ा प्रहार: 20 किलो गांजा मंगाने वाला नागपुर का आरोपी दबोचा, तस्करों में मचा हड़कंप।
महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ महासमुंद पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना खल्लारी पुलिस एवं एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) ने एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 20 किलो अवैध गांजा मामले में डेस्टिनेशन प्वाइंट (खपाने वाला) आरोपी मोहम्मद कदिर जुम्मन शाह को नागपुर (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई से गांजा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 मार्च 2026 को थाना खल्लारी क्षेत्र में एक बोलेरो एम्बुलेंस वाहन क्रमांक MH 49 C 0133 से 20 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई। मामले में परिवहन के दौरान पकड़े गए आरोपी सलमान खान और शिराज पठान को मौके से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने वाहन सहित कुल 15 लाख 16 हजार 800 रुपये की संपत्ति जब्त की थी।
पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन में एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना खल्लारी पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल ट्रैकिंग और विशेष टीम की निगरानी के जरिए मामले की गहराई से जांच शुरू की। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने गांजा सप्लाई चेन के हर स्तर तक पहुंचने की रणनीति अपनाई।
जांच में खुलासा हुआ कि जब्त गांजा ओडिशा के सुशांता मुखी से खरीदा गया था, जिसे नागपुर निवासी मोहम्मद कदिर जुम्मन शाह के लिए पहुंचाया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने पहले ओडिशा के संबलपुर क्षेत्र से गांजा उपलब्ध कराने वाले ‘सोर्स प्वाइंट’ आरोपी सुशांता मुखी को गिरफ्तार किया, और अब डेस्टिनेशन प्वाइंट यानी गांजा मंगाने वाले आरोपी मोहम्मद कदिर जुम्मन शाह को नागपुर के मोमिनपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई केवल गांजा पकड़ने तक सीमित नहीं रही, बल्कि ‘सोर्स से डेस्टिनेशन’ तक पूरी सप्लाई लाइन को तोड़ने की रणनीति के तहत की गई। महासमुंद पुलिस की इस एंड टू एंड इन्वेस्टिगेशन और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन ने अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क की कमर तोड़ने का काम किया है।
अब तक गिरफ्तार आरोपी
(डेस्टिनेशन प्वाइंट – गांजा मंगाने वाला)
1. मोहम्मद कदिर जुम्मन शाह (22 वर्ष) – निवासी मोमिनपुरा, नागपुर (महाराष्ट्र) – गिरफ्तारी दिनांक 21.05.2026
(परिवहनकर्ता)
2. सलमान खान (26 वर्ष) – नागपुर (महाराष्ट्र) – गिरफ्तारी दिनांक 28.03.2026
3. शिराज पठान (39 वर्ष) – नागपुर (महाराष्ट्र) – गिरफ्तारी दिनांक 28.03.2026
(सोर्स प्वाइंट – गांजा सप्लायर)
4. सुशांता मुखी (34 वर्ष) – जिला बौद्ध, ओडिशा – गिरफ्तारी दिनांक 16.05.2026
महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन एवं बिक्री में शामिल नेटवर्क पर आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस बड़ी सफलता को जिले में नशे के खिलाफ अभियान में अहम उपलब्धि माना जा रहा है।


