महासमुंद पुलिस की कार्रवाई, स्थानीय गांजा पेडलर गिरफ्तार।
महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सरायपाली पुलिस ने स्थानीय स्तर पर गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने वाले एक “लोकल ड्रग्स पेडलर” को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 5.190 किलोग्राम अवैध गांजा, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 1 लाख 55 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थ, महुआ शराब और शराब कोचियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 28 मई 2026 को थाना सरायपाली पुलिस उमरिया मोड़ के पास वाहनों की सघन जांच कर रही थी। जांच के दौरान बिना नंबर की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई।
बोरी में मिला 5 किलो से अधिक गांजा
संदेह होने पर पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली, जिसमें उसके पास मौजूद सफेद रंग की बोरी से 5.190 किलो गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गांजे को छोटी-छोटी पुड़ियों में बांटकर स्थानीय ग्राहकों को बेचता था।
पुलिस ने आरोपी की पहचान ब्रह्मानंद पटेल (45 वर्ष) निवासी मेढापाली, थाना सरायपाली के रूप में की है।
गांजा सप्लायर की तलाश जारी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि उसने गांजा एक सप्लायर से खरीदा था। अब पुलिस “इंड टू इंड इन्वेस्टिगेशन” के तहत गांजा सप्लाई करने वाले मुख्य सोर्स प्वाइंट और तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।
आरोपी के खिलाफ थाना सरायपाली में अपराध क्रमांक 182/26 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।
जब्त संपत्ति
- 5.190 किलो गांजा – अनुमानित कीमत ₹1,00,000
- बिना नंबर की मोटरसाइकिल – कीमत लगभग ₹50,000
- मोबाइल फोन – कीमत लगभग ₹5,000
कुल जब्त संपत्ति की कीमत – ₹1,55,000
4 महीनों में 32 करोड़ से ज्यादा का गांजा जब्त
महासमुंद पुलिस ने जानकारी दी कि पिछले चार महीनों में जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ कुल 97 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 6441.861 किलो यानी लगभग 64 क्विंटल गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 32 करोड़ 10 लाख 85 हजार 450 रुपये है।
जनवरी 2026 से अब तक एनडीपीएस मामलों में कुल 242 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है, जिनमें 57 आरोपी छत्तीसगढ़ के जबकि 185 आरोपी अन्य राज्यों के निवासी हैं।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
