पुरानी रंजिश बनी मौत की वजह: पहले बेरहमी से पीटा, फिर एक्सीडेंट दिखाने रची खौफनाक साजिश, 2 आरोपी गिरफ्तार।

‘बदले’ में ली गई जान! युवक को कब्रिस्तान के पास पीट-पीटकर मारा, रोड एक्सीडेंट दिखाने पत्थर से कुचलकर छोड़ गए आरोपी।


महासमुन्द/कोमाखान। पुरानी रंजिश के चलते युवक की मारपीट के बाद हुई मौत के मामले में कोमाखान पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए हत्या की धारा जोड़कर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने वारदात को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए सुनियोजित साजिश रची थी, ताकि पुलिस और लोगों को गुमराह किया जा सके।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 मई 2026 को प्रार्थिया लीला बाई पटेल निवासी ग्राम बकमा (बागबाहरा) ने थाना कोमाखान में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके पुत्र चितरंजन पटेल (22 वर्ष) के साथ ग्राम लामीसरार स्थित मुर्गी फार्म के पास पुरानी रंजिश के चलते दीपेश साहू, कुंजन साहू एवं एक अन्य व्यक्ति ने मारपीट की थी। आरोपियों द्वारा गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल चितरंजन पटेल इलाज के लिए भर्ती था और लंबे समय तक बेहोशी की हालत में रहा। इलाज के दौरान 22 मई 2026 को उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मर्ग पंचनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस जोड़ते हुए जांच तेज की।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों कुंजन साहू (25 वर्ष) और दीपेश साहू (24 वर्ष) ने सनसनीखेज खुलासा किया। आरोपियों ने बताया कि मृतक चितरंजन द्वारा पहले एक आरोपी की बहन को भगाकर ले जाने की घटना से वे आक्रोशित थे और बदले की भावना रखते थे। इसी रंजिश में उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर 15 अप्रैल 2026 को हत्या की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार, जब चितरंजन पटेल मोटरसाइकिल से लामीसरार मुर्गी फार्म मोड़ के पास पहुंचा तो आरोपियों ने उसे रास्ते में रोक लिया और कब्रिस्तान के पास ले जाकर विवाद किया। इसके बाद तीनों ने मिलकर डंडों से प्राणघातक हमला किया, जिससे वह बेहोश हो गया। आरोपियों ने घटना को दुर्घटना दिखाने के लिए मोटरसाइकिल को पत्थर से क्षतिग्रस्त कर बिजली खंभे के पास छोड़ दिया, ताकि मामला सड़क हादसा प्रतीत हो।

कोमाखान पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post