महासमुंद, 20 मई 2026। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आम जनता को त्वरित आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराने एवं कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महासमुंद जिले को बड़ी सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ डॉयल-112 फेज-2, जेन-नेक्स्ट योजना के अंतर्गत महासमुंद जिले को 15 नए डॉयल-112 ईआरव्ही (Emergency Response Vehicle) तथा 04 नए हाईवे पेट्रोलिंग अत्याधुनिक वाहन प्राप्त हुए हैं। इन वाहनों को जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन परेड ग्राउंड, परसदा महासमुंद में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर संबंधित थानों के लिए रवाना किया गया।
यह नई आपातकालीन सेवा वाहन व्यवस्था जिले की पुलिसिंग प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाएगी। शासन द्वारा पूर्व में संचालित पुराने डॉयल-112 वाहनों को बदलकर अब अत्याधुनिक तकनीक से लैस नए वाहनों को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में तैनात किया जा रहा है, जिससे किसी भी दुर्घटना, अपराध अथवा आपदा की स्थिति में कम समय में सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हैं नए वाहन
महासमुंद जिले को मिले ये नए 112 ईआरव्ही वाहन अत्याधुनिक तकनीकों से सुसज्जित हैं। इनमें हाई-क्वालिटी कैमरा सिस्टम, GPS ट्रैकिंग, रियल-टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनके माध्यम से वाहन की लोकेशन, गतिविधि और घटनास्थल तक पहुंचने की निगरानी नियंत्रण कक्ष से की जा सकेगी। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित होगी।
3-इन-1 सेवा: पुलिस, एम्बुलेंस और फायर सुविधा
इन वाहनों की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह 3-इन-1 त्वरित आपातकालीन सेवा प्रदान करेंगे। आने वाले दिनों में आम नागरिकों को पुलिस सहायता, एम्बुलेंस सेवा तथा अग्निशमन (फायर) संबंधी सहायता एक ही प्लेटफॉर्म के माध्यम से बेहद कम समय में उपलब्ध हो सकेगी। किसी भी आकस्मिक संकट, दुर्घटना या आपदा की स्थिति में डॉयल-112 पर कॉल करते ही सहायता टीम मौके पर पहुंचेगी।
हाईवे सुरक्षा को मिलेगा नया बल
महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगातार बढ़ते यातायात और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए 04 नए हाईवे पेट्रोलिंग वाहनों की भी तैनाती की गई है। इन वाहनों के माध्यम से राजमार्गों पर दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात निगरानी और आपातकालीन सहायता को और अधिक गति मिलेगी। दुर्घटना होने की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य अब पहले से अधिक तेजी से संभव हो सकेगा।
रिस्पांस टाइम में होगी उल्लेखनीय कमी
नए वाहनों के संचालन से महासमुंद जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस का रिस्पांस टाइम (घटनास्थल तक पहुंचने का समय) काफी कम होने की उम्मीद है। इससे आम जनता को 24 घंटे त्वरित सुरक्षा एवं सहायता मिल सकेगी और कानून व्यवस्था को मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की मौजूदगी में कार्यक्रम संपन्न
रक्षित केंद्र महासमुंद में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल, नगर पालिका परिषद महासमुंद अध्यक्ष श्री निखिलकांत साहू, कलेक्टर श्री विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष श्री राहुल चंद्राकर, ग्राम परसदा सरपंच श्री पीताम्बर ध्रुव एवं समाजसेवी श्री टिकेंद्र चंद्राकर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर आपातकालीन सेवा हेतु रवाना किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रतिभा पांडेय, एसडीओपी बागबाहरा श्री अजय शंकर त्रिपाठी, डीएसपी चुन्नू तिग्गा, रक्षित निरीक्षक श्रीमती दीप्ति कश्यप, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेशन सेंटर 112 के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस विभाग के जवान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी उपस्थित रहे।

