वोक्सवैगन कार में ‘सीक्रेट चेंबर’ बनाकर हो रहा था सोने का परिवहन, 7.5 किलो गोल्ड के साथ तीन युवक पकड़े गए।
महासमुंद/सिंघोड़ा।
महासमुंद जिले में चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान सिंघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने उड़ीसा की ओर से आ रही एक लग्जरी वोक्सवैगन वरटस कार से करीब 7.5 किलोग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार 220 रुपये बताई जा रही है। वाहन समेत कुल जब्त संपत्ति की कीमत 9 करोड़ 27 लाख 84 हजार 220 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, जिले में सीमावर्ती क्षेत्रों से होने वाले अवैध परिवहन और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 17 मई 2026 को एनएच-353 स्थित रेहटीखोल नाका, सिंघोड़ा में पुलिस टीम द्वारा उड़ीसा की ओर से आने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही थी।
इसी दौरान एक वोक्सवैगन वरटस कार (क्रमांक GJ 03 NP 4230) को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार तीन व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उनकी पहचान जयेश अकबरी (32 वर्ष), सुनीत कारेना (22 वर्ष) और रूशी अग्रावत (26 वर्ष) निवासी राजकोट, गुजरात के रूप में हुई। प्रारंभिक पूछताछ में तीनों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया, जिसके बाद वाहन की गहन जांच की गई।
कार में बनाया गया था विशेष चेंबर
तलाशी के दौरान पुलिस को कार की पिछली सीट में बने एक विशेष चेंबर (गुप्त स्थान) में रखे दो पीठ्ठू बैग मिले। बैग खोलने पर उसमें 6 प्लास्टिक बॉक्स रखे मिले, जिनमें विभिन्न प्रकार के सोने के आभूषण सुरक्षित पैक कर रखे गए थे। वजन करने पर कुल 7512.488 ग्राम सोना पाया गया।
पुलिस ने कार में मौजूद व्यक्तियों से सोने के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया, लेकिन मौके पर वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने धारा 106 बीएनएसएस के तहत सोने के आभूषण और वाहन को जब्त कर लिया।
आयकर विभाग और राजस्व खुफिया विभाग को सूचना
मामले की गंभीरता और जब्त संपत्ति की बड़ी कीमत को देखते हुए पुलिस ने अग्रिम जांच एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के लिए आयुक्त आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय (DRI) छत्तीसगढ़ को सूचना भेज दी है। अब संबंधित एजेंसियां यह जांच करेंगी कि सोना कहां से लाया जा रहा था और इसका अंतिम गंतव्य क्या था।
जब्त संपत्ति का विवरण
➡️ सोने के विभिन्न आभूषण: 7512.488 ग्राम, कीमत ₹9,17,84,220
➡️ वोक्सवैगन वरटस कार: कीमत ₹10,00,000
➡️ कुल जब्त संपत्ति: ₹9,27,84,220
पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई को महासमुंद जिले में अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

