छत्तीसगढ़ में खपाने से पहले ही पकड़े गए गांजा तस्कर, 6.29 लाख की संपत्ति जब्त।
महासमुंद, 30 मई 2026। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना कोमाखान पुलिस एवं एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई में ओडिशा से रायपुर गांजा तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 10.140 किलोग्राम अवैध गांजा, एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन सहित कुल 6 लाख 29 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी ओडिशा के नुआपाड़ा क्षेत्र से गांजा खरीदकर रायपुर ले जा रहे थे, जहां इसे छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर स्थानीय ग्राहकों को बेचने की योजना थी। लेकिन महासमुंद पुलिस की सतर्कता और सटीक सूचना के चलते तस्करों की योजना सफल नहीं हो सकी।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक मोटरसाइकिल में गांजा लेकर दो युवक छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना कोमाखान पुलिस ने ग्राम टेमरी जांच नाका के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 PS 2132 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में मोटरसाइकिल सवार युवकों के पास से 10.140 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा नुआपाड़ा (ओडिशा) से खरीदकर रायपुर में बिक्री के लिए ले जा रहे थे।
रायपुर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
- सत्यम तिवारी (25 वर्ष), निवासी कुशालपुर, रायपुर
- आयुष उपाध्याय उर्फ शिवल (26 वर्ष), निवासी महादेव घाट, रायपुर
के रूप में हुई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 82/2026 के तहत धारा 20(B)(II)(B) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से गांजा सप्लाई नेटवर्क और अन्य तस्करों के संबंध में पूछताछ जारी है।
6.29 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
- 10.140 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग ₹5,07,000)
- बजाज पल्सर मोटरसाइकिल CG 04 PS 2132 (कीमत ₹50,000)
- 03 मोबाइल फोन (कीमत ₹72,000)
जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत ₹6,29,000 बताई गई है।
गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार जारी है अभियान
महासमुंद पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक जिले में गांजा तस्करी के 100 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। इस दौरान 7085.051 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 35 करोड़ 32 लाख 44 हजार 950 रुपये है। वहीं अब तक 247 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें 59 आरोपी छत्तीसगढ़ तथा 188 आरोपी अन्य राज्यों के निवासी हैं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
