वाहन से डीजल चोरी कर बेचा जा रहा था अवैध ईंधन, पिथौरा पुलिस ने 150 लीटर डीजल समेत माजदा वाहन किया जब्त।
महासमुंद। जिले के पिथौरा थाना पुलिस ने अवैध रूप से डीजल की खरीदी-बिक्री और भंडारण करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 150 लीटर अवैध डीजल, डीजल नापने के उपकरण और एक आयशर माजदा वाहन सहित कुल 6 लाख 15 हजार 900 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 8 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मेमरा में एक किराना दुकान और मकान में अवैध रूप से ज्वलनशील पदार्थ डीजल का भंडारण कर उसकी खरीदी-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पिथौरा पुलिस ने मौके पर दबिश दी।
रेड के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी निर्मल यादव अपने सहयोगी खेमराज पटेल के साथ बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के डीजल का अवैध भंडारण कर रहे थे। वहीं आयशर माजदा वाहन क्रमांक CG-23-H-7776 का चालक गिरधर सिन्हा वाहन से डीजल चोरी कर निकालकर बेच रहा था।
पुलिस ने मौके से 150 लीटर डीजल, डीजल नापने के लिए उपयोग किए जाने वाले पाइप, चांडी और टीन का लीटर मापक समेत अन्य सामग्री जब्त की। इसके साथ ही डीजल परिवहन में प्रयुक्त आयशर माजदा वाहन भी जब्त कर लिया गया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 6 लाख 15 हजार 900 रुपये आंकी गई है।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी निर्मल यादव (32 वर्ष) निवासी ग्राम मेमरा, खेमराज पटेल (20 वर्ष) निवासी ग्राम चिखली थाना पिथौरा और गिरधर सिन्हा (35 वर्ष) निवासी ग्राम फुलकर्रा थाना फिंगेश्वर जिला गरियाबंद को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 287, 303(2), 317(2), 3(5) तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 और 7 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। साथ ही ज्वलनशील पदार्थ को बिना सुरक्षा मानकों के संधारित करने के मामले में भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। महासमुंद पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
