भंवरपुर चौकी पुलिस की कार्रवाई: 1.36 लाख की नगदी, मोबाइल और बाइक जब्त, जुआ एक्ट में मामला दर्ज।
महासमुंद। जिले के बसना थाना अंतर्गत चौकी भंवरपुर पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बनडबरी में चल रहे जुए के फड़ पर छापा मारकर 9 जुआरियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से नगदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल सहित कुल 1 लाख 36 हजार 300 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 7 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बनडबरी से संतपाली जाने वाले कच्चे मार्ग पर नीम के पेड़ के नीचे कुछ लोग 52 पत्ती ताश के साथ रुपये-पैसे का दांव लगाकर “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने पंचनामा तैयार कर गवाहों और हमराह स्टाफ के साथ बताए गए स्थान पर दबिश दी।
रेड के दौरान पुलिस ने 9 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम जीतराम चौहान, केशव साहू, होरीलाल राणा, विनय नायक, सीताराम राणा, बसंत कुमार निषाद, तुलसीराम राणा, उपेंद्र नायक और रूकमन पटेल बताया। सभी आरोपी सरायपाली थाना क्षेत्र के संतपाली और बरतियांभाठा के निवासी हैं।
पुलिस ने मौके से जुआ फड़ से 12 हजार 300 रुपये नगद, 8 मोबाइल फोन (कीमत लगभग 30 हजार रुपये), 6 पुरानी मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 94 हजार रुपये), 52 पत्ती ताश और एक प्लास्टिक बोरी जब्त की। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 1 लाख 36 हजार 300 रुपये आंकी गई है।
आरोपियों के खिलाफ 13 जुआ एक्ट तथा छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है। इसके अलावा क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आरोपियों के खिलाफ पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
पुलिस का कहना है कि जिले में जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
