पिथौरा में व्यापारियों के लिए राहत: गुमास्ता पंजीयन शिविर 10 अप्रैल को, नगर पंचायत परिसर में लगेगा कैंप।

जनदर्शन में आवेदन के बाद प्रशासन की पहल, व्यापारियों की सुविधा के लिए विशेष पंजीयन शिविर आयोजित।


महासमुंद। पिथौरा नगर के छोटे और बड़े व्यापारियों को गुमास्ता पंजीयन में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए 10 अप्रैल 2026 को नगर पंचायत परिसर पिथौरा में विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर के माध्यम से व्यापारियों को एक ही स्थान पर गुमास्ता पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
यह पहल वार्ड क्रमांक 11 पिथौरा निवासी मनमीत सिंह छाबड़ा द्वारा कलेक्टर जनदर्शन में दिए गए आवेदन के बाद की गई है। अपने आवेदन में उन्होंने नगर के व्यापारियों को गुमास्ता पंजीयन कराने में हो रही परेशानियों का उल्लेख करते हुए प्रशासन से विशेष शिविर आयोजित करने का अनुरोध किया था। आवेदन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने नगर पंचायत परिसर में शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया, ताकि अधिक से अधिक व्यापारी इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
श्रम पदाधिकारी डी.एन. पात्र ने बताया कि शिविर के सफल आयोजन के लिए नगर पंचायत को सभी वार्डों में मुनादी कराकर व्यापारियों को निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से व्यापारियों का गुमास्ता पंजीयन आसानी से किया जाएगा और उनकी शंकाओं का भी समाधान किया जाएगा।
उन्होंने नगर के सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने प्रतिष्ठान का गुमास्ता पंजीयन अवश्य कराएं। इससे भविष्य में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या कानूनी परेशानी से बचा जा सकेगा।
शिविर में पंजीयन कराने के लिए व्यापारियों को आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा। इनमें आधार कार्ड, जीएसटी या उद्यम रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र, कंपनी का रजिस्ट्रेशन (यदि लागू हो), किरायानामा या पार्टनरशिप डीड तथा मोबाइल फोन शामिल हैं।
प्रशासन को उम्मीद है कि इस शिविर से पिथौरा नगर के बड़ी संख्या में व्यापारी लाभान्वित होंगे और उनके गुमास्ता पंजीयन की प्रक्रिया सरल और सुगम हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post