महासमुंद पुलिस की कार्रवाई: नशीली कफ सिरप की तस्करी करते ओडिशा का आरोपी गिरफ्तार।

एनएच-53 पर नाकाबंदी में सफलता, 27 बोतल नशीली सिरप और बाइक सहित 20 हजार से अधिक की जप्ती।

महासमुंद। जिले में नशीली दवाओं की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस को एक और सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने अवैध रूप से कफ सिरप की तस्करी करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 27 बोतल नशीली कफ सिरप, एक मोटरसाइकिल सहित कुल 20 हजार 492 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नशीली दवाओं की अवैध तस्करी पर नियंत्रण के लिए जिले में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्रे रंग की होंडा साइन मोटरसाइकिल (क्रमांक OR 15 M 1143) में एक व्यक्ति नशीली कफ सिरप लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

कुछ समय बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल वहां पहुंची, जिसे रोककर चालक से पूछताछ की गई। उसने अपना नाम मोहम्मद रियाज (46 वर्ष) पिता मोहम्मद ताज निवासी मोतीझरन थाना धनुपाली जिला संबलपुर (ओडिशा) बताया, जो वर्तमान में बसना क्षेत्र में रह रहा था। तलाशी लेने पर उसके पास रखे कपड़े के थैले से 27 बोतल (प्रत्येक 100-100 एमएल) Wings Pharma कंपनी की Codeine Phosphate एवं Triprolidine Hydrochloride युक्त Wincerex कफ सिरप बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 2700 एमएल और कीमत 5492.88 रुपये बताई गई।

पुलिस ने नशीली कफ सिरप के साथ परिवहन में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 15 हजार रुपये) भी जब्त कर ली। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह यह सिरप संबलपुर (ओडिशा) से बसना, जिला महासमुंद लेकर आ रहा था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है। यह पूरी कार्रवाई एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post