एनएच-53 पर नाकाबंदी में सफलता, 4 किलो गांजा, कार व मोबाइल सहित 5.26 लाख की जप्ती।
महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने गांजा तस्करी करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 किलोग्राम गांजा, एक कार और तीन मोबाइल फोन सहित कुल 5 लाख 26 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि उड़ीसा की ओर से एक सुजुकी डिजायर कार (क्रमांक CG 07 CD 9986) में गांजा लेकर कुछ लोग छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर एनएच-53 पर रेहटीखोल के पास पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
कुछ देर बाद संदिग्ध सुजुकी डिजायर कार आती दिखाई दी, जिसे रोककर पुलिस ने पूछताछ की। कार में सवार चारों व्यक्तियों ने अपना नाम सोनू सिंह (33 वर्ष), राजेश तगड़े (26 वर्ष), विक्रम सिंह (45 वर्ष) और कन्हैया साहू (25 वर्ष) निवासी जिला दुर्ग बताया। वाहन की तलाशी लेने पर पीछे की सीट में रखी एक प्लास्टिक बोरी में अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा उड़ीसा से लेकर भिलाई (छत्तीसगढ़) ले जा रहे थे। पुलिस ने मौके पर ही 4 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 2 लाख रुपये), तस्करी में प्रयुक्त सुजुकी डिजायर कार (कीमत लगभग 3 लाख रुपये) और तीन मोबाइल फोन (कीमत 26 हजार रुपये) जब्त कर लिए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है। यह पूरी कार्रवाई एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
