जनता और पुलिस के बीच डिजिटल कनेक्शन: एक मैसेज में दर्ज होगी शिकायत, गुप्त सूचना भी सीधे SP तक।
महासमुंद। पुलिस और आम जनता के बीच संवाद को और सरल व प्रभावी बनाने के लिए महासमुंद पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। कांकेर पुलिस के “शिकायत हेल्प डेस्क” अभियान की तर्ज पर जिले में अब “संवाद” नाम से व्हाट्सऐप आधारित हेल्प डेस्क लागू किया गया है। इस सुविधा के माध्यम से अब लोग घर बैठे ही अपनी शिकायत या किसी भी अवैध गतिविधि की गुप्त सूचना सीधे पुलिस तक पहुंचा सकेंगे।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार इसके लिए एक व्हाट्सऐप नंबर 9479229939 जारी किया गया है। कोई भी व्यक्ति इस नंबर पर Hi, Hello, नमस्ते या Help जैसे साधारण मैसेज भेजकर चैट शुरू कर सकता है। इसके बाद ऑटोमैटिक सिस्टम द्वारा दो विकल्प दिए जाएंगे—पहला शिकायत दर्ज करने के लिए और दूसरा अवैध गतिविधियों की गुप्त सूचना देने के लिए।
यह पूरी व्यवस्था AI आधारित ऑटोमैटिक रिस्पॉन्स सिस्टम पर काम करेगी, जिसमें प्राप्त शिकायतों को 10 अलग-अलग श्रेणियों में और गुप्त सूचनाओं को 4 श्रेणियों में बांटकर संबंधित थानों को भेजा जाएगा। साथ ही डैशबोर्ड के माध्यम से रियल टाइम मॉनिटरिंग भी की जाएगी।
शिकायत दर्ज करने के लिए उपयोगकर्ता अपनी शिकायत की फोटो, पीडीएफ या सीधे टाइप करके भेज सकता है। पूरी प्रक्रिया के बाद शिकायतकर्ता को एक यूनिक शिकायत क्रमांक भी मिलेगा, जिससे वह अपनी शिकायत की स्थिति व्हाट्सऐप पर ही ट्रैक कर सकेगा।
वहीं, यदि कोई व्यक्ति गुप्त सूचना देना चाहता है तो वह अवैध शराब, जुआ, गांजा तस्करी, नशीली दवाओं के कारोबार या अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी साझा कर सकता है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और सूचना सीधे पुलिस अधीक्षक तक पहुंचेगी।
महासमुंद पुलिस का कहना है कि इस नई पहल से न केवल शिकायत प्रक्रिया आसान होगी, बल्कि अपराधों पर नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई में भी तेजी आएगी। साथ ही एक मोबाइल नंबर से 7 दिनों में एक ही शिकायत दर्ज करने की सुविधा तय की गई है, ताकि सिस्टम सुचारू रूप से संचालित हो सके।
इस “संवाद” पहल के जरिए पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
