सरायपाली-भंवरपुर में पुलिस की दबिश: 600 किलो महुआ लाहन नष्ट, 3 आरोपियों पर कार्रवाई।
महासमुंद। जिले में अवैध शराब के खिलाफ महासमुंद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सरायपाली और चौकी भंवरपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान अवैध महुआ शराब बनाने और बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 115 लीटर शराब जब्त की गई, वहीं भारी मात्रा में महुआ लाहन भी नष्ट किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अभियान के तहत ग्राम नूनपानी और बुंदेलाभाटा में छापेमारी की गई। थाना सरायपाली क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान 100 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये आंकी गई है। साथ ही शराब बनाने में प्रयुक्त बर्तन और अन्य सामग्री भी जब्त की गई। मौके पर लगभग 600 किलो महुआ लाहन (पास) को नष्ट कर दिया गया।
इस मामले में सरायपाली थाना में अपराध क्रमांक 95/26 और 96/26 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) में प्रकरण दर्ज कर दो आरोपियों सुमित्रा भारती (51 वर्ष) और दीपक रात्रे (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है।
वहीं चौकी भंवरपुर क्षेत्र के ग्राम बुंदेलाभाटा में की गई कार्रवाई के दौरान 15 लीटर महुआ शराब (कीमत करीब 3 हजार रुपये) जब्त की गई। इस मामले में आरोपी मनोज जांगड़े (27 वर्ष) के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2026 में अब तक कुल 4558.151 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की जा चुकी है, जिसकी कीमत 11 लाख 47 हजार 735 रुपये है। इस दौरान 342 प्रकरणों में 393 आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

