बिना नंबर KTM बाइक से हो रही थी गांजा तस्करी, मध्यप्रदेश के दो आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े।
महासमुंद। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी करते एक आरोपी और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 7 किलोग्राम गांजा सहित कुल 4 लाख 30 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लगातार चेकिंग अभियान के दौरान सूचना मिली कि उड़ीसा की ओर से एक बिना नंबर की KTM मोटरसाइकिल में दो व्यक्ति अवैध गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर एनएच-53 रोड रेहटीखोल में नाकाबंदी की गई। कुछ समय बाद संदिग्ध बाइक को रोका गया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम पारस लोधी (18 वर्ष) निवासी शाही नाका रोड, त्रिपुरी वार्ड, थाना गढ़ा, जिला जबलपुर (मध्यप्रदेश) बताया, जबकि उसके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक भी मौजूद था। तलाशी लेने पर बाइक की सीट के बीच रखे बैग से 7 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे यह गांजा उड़ीसा के कंटामाल क्षेत्र से लेकर मध्यप्रदेश के जबलपुर ले जा रहे थे। पुलिस ने गांजा के साथ परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की KTM बाइक (कीमत करीब 75 हजार रुपये) और एक मोबाइल फोन (कीमत 5 हजार रुपये) भी जब्त किया है।
इस प्रकार कुल 4 लाख 30 हजार रुपये की जप्ती की गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी पारस लोधी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अपचारी बालक के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। यह पूरी कार्रवाई एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई है।
