चेकिंग में खुलासा: कार से 54 लाख के चांदी के आभूषण बरामद, दस्तावेज नहीं दिखा पाए दो लोग।

महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 21 किलो चांदी समेत 59 लाख की संपत्ति जब्त।


महासमुंद | जिले में अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत थाना कोमाखान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक कार से भारी मात्रा में चांदी के आभूषण बरामद किए, जिनकी कुल कीमत करीब 54 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने कार सहित कुल 59 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है।

जानकारी के अनुसार, 17 मार्च 2026 को टेमरी नाका में नियमित वाहन चेकिंग के दौरान उड़ीसा की ओर से आ रही एक सफेद रंग की मारुति सेलेरियो कार (क्रमांक CG 04 PY 7882) को रोककर जांच की गई। वाहन में सवार चालक ने अपना नाम टिकेश कुमार साहू निवासी रायपुर तथा दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम विरेन्द्र प्रधान निवासी रायपुर बताया।

पुलिस द्वारा कार की तलाशी लेने पर बीच सीट में रखे तीन बैग मिले। बैग खोलने पर उनमें 10 प्लास्टिक डिब्बों में पैक विभिन्न प्रकार के चांदी के फैंसी आभूषण पाए गए। कुल 41 पैकेट में रखे इन आभूषणों का वजन 21.089 किलोग्राम निकला, जिसकी अनुमानित कीमत 54 लाख 60 हजार रुपये बताई गई।

पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्तियों ने बताया कि वे यह आभूषण उड़ीसा से रायपुर लेकर जा रहे थे। पुलिस ने धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी कर वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन दोनों कोई संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद गवाहों की उपस्थिति में आभूषण और वाहन को जब्त कर लिया गया।

जप्त संपत्ति में शामिल—

21.089 किलोग्राम चांदी के आभूषण (कीमत करीब 54.60 लाख रुपये)

मारुति सेलेरियो कार (कीमत लगभग 5 लाख रुपये)

वाहन के दस्तावेज

इस प्रकार कुल जप्त संपत्ति की कीमत लगभग 59 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध सामग्री के परिवहन को रोकने के लिए लगातार चेकिंग अभियान जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post