सांसद की मांग पर उपमुख्यमंत्री ने की 45 लाख की घोषणा।

ठाकुरदिया में सामुदायिक भवन व पिथौरा जनपद परिसर में बनेगा सभागार।


पिथौरा। ग्राम ठाकुरदिया खुर्द टांडापारा में आयोजित श्री राम मंदिर भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र को बड़ी विकास सौगात मिली। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने महासमुंद लोकसभा की सांसद रूपकुमारी चौधरी की मांग पर कुल 45 लाख रुपए की घोषणा की।


उपमुख्यमंत्री ने ग्राम ठाकुरदिया में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपए तथा पिथौरा जनपद परिसर में सभागार निर्माण के लिए 25 लाख रुपए स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को मजबूत करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है और जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई जनहित की मांगों को गंभीरता से पूरा किया जा रहा है।


उन्होंने यह भी कहा कि गांवों में सामाजिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक गतिविधियों के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकें।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्री राम मंदिर निर्माण को लेकर गांव में उत्साह और श्रद्धा का विशेष वातावरण नजर आया।


सामाजिक आयोजनों को मिलेगा स्थायी मंच


घोषित सामुदायिक भवन के निर्माण से राम मंदिर निर्माण में सहयोग देने आने वाले साधु-संतों के विश्राम, बैठकों एवं धार्मिक आयोजनों के लिए स्थायी सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही गांव में विवाह, सामाजिक बैठकें और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी व्यवस्थित रूप से आयोजित किए जा सकेंगे।

वहीं पिथौरा जनपद परिसर में बनने वाला सभागार प्रशासनिक बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, जनसुनवाई और विभिन्न सार्वजनिक आयोजनों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। इससे स्थानीय प्रशासनिक कार्यों के संचालन में भी सुविधा बढ़ेगी।


ग्रामीणों ने जताया आभार


घोषणा के बाद जनपद के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री एवं सांसद का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगा और आमजन को सीधा लाभ पहुंचाएगा।


भूमिपूजन कार्यक्रम आस्था और विकास के संगम का प्रतीक बनकर सामने आया, जहां धार्मिक आयोजन के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास की घोषणा ने ग्रामीणों के उत्साह को और बढ़ा दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post