महासमुंद में आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक, राजस्व बढ़ाने और अवैध शराब पर कार्रवाई के निर्देश।

 महासमुंद में आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक, राजस्व बढ़ाने और अवैध शराब पर कार्रवाई के निर्देश।


महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने मंगलवार को जिला कार्यालय में आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक लेकर विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिले में अवैध शराब की रोकथाम और राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में जिला आबकारी अधिकारी सुनील सूर्यवंशी ने विभागीय कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व प्राप्ति के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर लंगेह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तय किए गए राजस्व लक्ष्य को हर हाल में प्राप्त करने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर ने बताया कि गत वर्ष फरवरी माह तक जहां लगभग 211 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था, वहीं इस वर्ष 291 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि राजस्व में हुई इस बढ़ोतरी को आगे भी बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।

कलेक्टर लंगेह ने विशेष रूप से उड़ीसा और अन्य राज्यों से आने वाली अवैध शराब की तस्करी पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाई जाए और अवैध शराब के परिवहन व भंडारण के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए।

इसके अलावा कलेक्टर ने अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री पर भी कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हाइवे किनारे संचालित होटल और ढाबों की नियमित जांच की जाए तथा जहां भी अवैध चखना सेंटर संचालित हो रहे हों, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जिला आबकारी अधिकारी सुनील कुमार सूर्यवंशी, सहायक जिला आबकारी अधिकारी दीपक कुमार ठाकुर सहित जिले के सभी आबकारी उपनिरीक्षक उपस्थित रहे। बैठक में अवैध शराब के खिलाफ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा राजस्व बढ़ाने के लिए विभिन्न रणनीतियों पर भी चर्चा की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post