सीसीटीवी फुटेज से खुला मुर्गी चोरी का राज: 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार।

पतेरापाली मुर्गी फार्म से 35 मुर्गियां चोरी, पुलिस की त्वरित कार्रवाई में आरोपी धराए।


 महासमुंद | 31 मार्च 2026 महासमुंद पुलिस ने चोरी की एक घटना का खुलासा करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पतेरापाली क्षेत्र स्थित एक मुर्गी फार्म से 35 मुर्गियों की चोरी की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 मुर्गियां और चोरी में प्रयुक्त दो साइकिल भी बरामद की हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी बसंत चन्द्राकर (56 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 23 पिटियाझर, महासमुंद ने 29 मार्च 2026 को थाना महासमुंद में शिकायत दर्ज कराई थी कि पतेरापाली नहर डायवर्सन के पास स्थित उनके मुर्गी फार्म से किसी अज्ञात व्यक्ति ने 35 मुर्गियां चोरी कर ली हैं। मुर्गियों की अनुमानित कीमत करीब 3,500 रुपये बताई गई।

शिकायत के बाद पुलिस ने फार्म में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। फुटेज में एक व्यक्ति मुर्गियां ले जाते हुए दिखाई दिया, जिसकी पहचान आनंद राय के रूप में हुई। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 166/2026 के तहत धारा 305(ए) और 331(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी आनंद राय के घर पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी नोहर सिंह राजपूत के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों के कब्जे से 16 नग मुर्गियां (कीमत लगभग 1,600 रुपये) तथा चोरी में इस्तेमाल की गई दो पुरानी हीरो साइकिल (कीमत लगभग 2,000 रुपये) जब्त की गई हैं। इस तरह कुल 3,600 रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 31 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपी

आनंद राय, पिता स्व. समारू राय, उम्र 52 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 09, शासकीय अस्पताल के पास, नयापारा, महासमुंद।

नोहर सिंह राजपूत, पिता स्व. शिवचरण सिंह राजपूत, उम्र 42 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 09, शासकीय अस्पताल के सामने, नयापारा, महासमुंद।

जब्त सामग्री

16 नग मुर्गियां (कीमत लगभग 1,600 रुपये)

02 पुरानी हीरो साइकिल (कीमत लगभग 2,000 रुपये)

कुल जप्त संपत्ति – 3,600 रुपये

पुलिस की अपील

महासमुंद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे जरूर लगाएं। इससे न केवल अपराधियों में भय पैदा होता है बल्कि किसी भी घटना की स्थिति में पुलिस को ठोस सबूत मिलते हैं और अपराधियों तक जल्दी पहुंचने में मदद मिलती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post