10 घंटे में महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 6 क्विंटल 86 किलो गांजा, 700 नशीली कैप्सूल जब्त, 13 तस्कर गिरफ्तार।

ऑपरेशन “निश्चय” का असर: चार थानों में ताबड़तोड़ छापेमारी, 4.61 करोड़ की मादक सामग्री और वाहन जब्त।


 महासमुंद | 30 मार्च 2026

नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत महासमुंद पुलिस ने एक ही दिन में बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मात्र 10 घंटे के भीतर ताबड़तोड़ छापेमारी कर 685.890 किलो (लगभग 6 क्विंटल 86 किलो) गांजा और 700 नग नशीली कैप्सूल जब्त की है। इस कार्रवाई में कुल 13 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 6 आरोपी छत्तीसगढ़ के तथा 7 अन्य राज्यों के निवासी बताए जा रहे हैं।


पुलिस द्वारा जब्त किए गए गांजा की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। वहीं तस्करी में प्रयुक्त एक पिकअप, एक ट्रक, एक बाइक और दो कार सहित अन्य सामग्री की कीमत लगभग 41 लाख 40 हजार रुपये है। इस प्रकार कुल मिलाकर 4 करोड़ 61 लाख 67 हजार 506 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) के साथ बसना, कोमाखान, सिंघोड़ा और महासमुंद थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। नेटवर्क से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी में बिलासपुर पुलिस और रायपुर कमिश्नरेट क्राइम ब्रांच का भी सहयोग मिला।


पिछले तीन महीने में बड़ी कार्रवाई

महासमुंद पुलिस के अनुसार पिछले तीन महीनों में जिले में नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत 63 प्रकरणों में 4054.350 किलो (40 क्विंटल 54 किलो) गांजा जब्त किया गया है, जिसमें 165 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 48 आरोपी छत्तीसगढ़ के और 117 अन्य राज्यों के हैं।

कोमाखान थाना क्षेत्र में दो बड़ी कार्रवाई

ट्रक से 25 किलो गांजा बरामद

कोमाखान पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक ट्रक में अवैध गांजा परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर एनएच-353 के टेमरी नाका पर नाकाबंदी कर CG04 NJ 9586 नंबर के ट्रक को रोका गया। तलाशी लेने पर चालक और हेल्पर की सीट के नीचे प्लास्टिक बोरियों में 25 किलो गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने शिव मोहित साहू (27) निवासी सिंगरौली, मध्यप्रदेश और पुष्पेंद्र साहू (21) निवासी सिंगरौली, मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि गांजा भवानीपाटन (ओडिशा) से सिंगरौली (मध्यप्रदेश) ले जाया जा रहा था।

इस मामले में 12.50 लाख रुपये कीमत का गांजा, 25 लाख रुपये का ट्रक और दो मोबाइल सहित 37.70 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कार से 2 क्विंटल गांजा जब्त

इसी थाना क्षेत्र में दूसरी कार्रवाई के दौरान JH01 FZ 4071 नंबर की डिजायर कार को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिक्की और पिछली सीट के नीचे रखी प्लास्टिक बोरियों से 200 किलो गांजा बरामद हुआ।

इस मामले में पुलिस ने युवराज नायक (19) निवासी औरेया, उत्तरप्रदेश, केशव दयाल (22) निवासी कन्नौज, उत्तरप्रदेश और राहुल अग्निहोत्री (37) निवासी मैनपुरी, उत्तरप्रदेश को गिरफ्तार किया। गांजा मलकानगिरी (ओडिशा) से उत्तरप्रदेश ले जाया जा रहा था।

कार्रवाई में 1 करोड़ रुपये कीमत का गांजा, 8 लाख रुपये की कार और मोबाइल सहित 1 करोड़ 8 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

बसना थाना: पैकर्स एंड मूवर्स की आड़ में तस्करी

बसना पुलिस ने पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी के नाम पर घरेलू सामान ढोने वाली बोलेरो पिकअप में छिपाकर ले जाए जा रहे 454.890 किलो गांजा को जब्त किया।

इस मामले में इमरान (37) निवासी झुंझुनू, राजस्थान को गिरफ्तार किया गया। वाहन में घरेलू सामान के बीच गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था।

कार्रवाई में 2 करोड़ 27 लाख 44 हजार 500 रुपये कीमत का गांजा, 8 लाख रुपये की बोलेरो पिकअप, घरेलू सामान और मोबाइल सहित कुल 2 करोड़ 38 लाख 4 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

सिंघोड़ा थाना: बाइक से गांजा तस्करी

सिंघोड़ा पुलिस ने एनएच-53 रेहटीखोल नाका पर नाकाबंदी के दौरान CG11 AZ 3766 नंबर की बाइक को रोककर जांच की। बाइक के सामने रखे बैग से 6 किलो गांजा बरामद हुआ।

इस मामले में देवचरण रात्रे (46) निवासी जांजगीर-चांपा और किशोर राउतिया (25) निवासी बरगढ़, ओडिशा को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने 3 लाख रुपये कीमत का गांजा, 40 हजार रुपये की बाइक और मोबाइल सहित 3.60 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

महासमुंद थाना: 700 नशीली कैप्सूल बरामद

महासमुंद शहर के छिपियापारा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रेड कार्रवाई कर SPASMO PROXYVON PLUS की 700 नशीली कैप्सूल जब्त की।

इस मामले में राकेश साहू, मनोज सोनबेर, सद्दाम कुरैशी, रिंकू चंद्राकर और कामेश उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 30 स्ट्रिप्स में 700 कैप्सूल और 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 22(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

तस्करी के अलग-अलग तरीके हुए फेल

पुलिस के अनुसार तस्कर पैकर्स एंड मूवर्स, ड्रायफ्रूट से भरे ट्रक, सामान्य कार, बाइक और ट्रेन जैसे अलग-अलग तरीकों से गांजा तस्करी का प्रयास कर रहे थे, लेकिन महासमुंद पुलिस की सख्ती के चलते सभी तरीके विफल हो गए।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करों के पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post