स्वास्थ्य जांच से लेकर पीएम किसान तक कई समस्याओं का हुआ समाधान।
महासमुंद। जिले के आकांक्षी विकासखंड पिथौरा अंतर्गत ग्राम भुरकोनी में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उनकी समस्याओं का समाधान किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और उनका लाभ लिया।शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद प्रतिनिधि मनमीत सिंह छाबड़ा ने की। विशेष अतिथि के रूप में जनपद सभापति दिनेश कुमार अग्रवाल, भुरकोनी सरपंच सरिता राज सिंह दीवान, भाजपा मंडल अध्यक्ष नीलकंठ साहू, मनोहर साहू, जनपद सदस्य जयंती सिदार, बिराजपाली सरपंच येतराम साहू, नवागांव सरपंच सेतकुमारी चक्रधारी, कोल्दा सरपंच अश्विनी ठाकुर, खेड़ीगांव सरपंच सुपेन्द्र दीवान, मुड़ागांव सरपंच उमाबाई साहू, उपसरपंच प्रतीक पटवा, पिलाराम ठाकुर, कृष्ण कुमार ठाकुर, लिपलेश चक्रधारी, नारायण साहू, भुवन साहू, सुशील भोई, उमेश दीक्षित सहित सभी विभागों के सचिव और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल ने कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें और योजनाओं की जानकारी अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि संपूर्णता अभियान 2.0 के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से कार्य किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके और इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सांसद प्रतिनिधि मनमीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाएं ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं और जानकारी उपलब्ध हो रही है, जिससे उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने आसपास के लोगों को भी इन योजनाओं के बारे में जागरूक करें।
सीईओ जनपद पंचायत पिथौरा श्रीमती योगेश्वरी बर्मन के नेतृत्व में यह शिविर केंद्र सरकार के नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड पिथौरा में चल रहे संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत आयोजित किया गया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यक परामर्श दिया गया। पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए, जिससे उन्हें भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
कृषि विभाग द्वारा किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़ी जानकारी दी गई तथा योजना से संबंधित लंबित मामलों का निराकरण किया गया। साथ ही किसानों को आधुनिक खेती और कृषि से संबंधित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कुपोषित बच्चों की जांच की गई तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। विभाग द्वारा महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य और बाल देखभाल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
वहीं शिक्षा विभाग द्वारा नई शिक्षा नीति के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी गई और विद्यार्थियों तथा अभिभावकों को शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे बदलावों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में सभी विभागों के विभागाध्यक्षों के साथ नीति आयोग के एबीएफ विकास दीप टंडन भी उपस्थित रहे।



