सरायपाली में गांजा तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 किलो से अधिक गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार।

 उड़ीसा से गांजा लेकर आ रहा तस्कर चढ़ा महासमुंद पुलिस के हत्थे, बाइक समेत 1.80 लाख की जब्ती।


महासमुंद। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ महासमुंद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सरायपाली पुलिस की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5 किलो 329 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त किए गए गांजे की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि उड़ीसा की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में गांजा लेकर सरायपाली की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घंटेश्वर मंदिर सरायपाली के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन का इंतजार किया।

कुछ देर बाद एक मोटरसाइकिल से आते हुए युवक को रोककर पूछताछ की गई। युवक ने अपना नाम कृष्ण चंद्र राणा (22 वर्ष) निवासी ग्राम बटागुंडा थाना बालीगुडा, जिला बलांगीर उड़ीसा बताया। पुलिस ने उसे मुखबिर सूचना से अवगत कराते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के तहत नोटिस देकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 5 किलो 329 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजे के साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (ग्लैमर) क्रमांक OD 12 F 1584, जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये है, उसे भी जब्त कर लिया। इस तरह कुल 1 लाख 80 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

आरोपी के खिलाफ थाना सरायपाली में अपराध क्रमांक 82/2026 धारा 20 (बी) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिले में 49 मामलों में 3057.790 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी कीमत लगभग 15 करोड़ 23 लाख 70 हजार रुपये है, जब्त किया जा चुका है और 131 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

यह पूरी कार्रवाई एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सरायपाली पुलिस टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post