नयापारा में कार्रवाई: ग्राहक तलाश रहे तस्कर दबोचे, गांजा, मोबाइल और नगदी जब्त।
महासमुंद | जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना महासमुंद पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए गांजा बिक्री कर रहे दो युवकों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 मार्च 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि नयापारा क्षेत्र के दलदली रोड स्थित काली मंदिर के पास दो युवक प्लास्टिक थैले में अवैध मादक पदार्थ गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर तत्काल टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई।
रेड के दौरान पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों ऋषभ यादव और प्रियांशु चौहान को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके संयुक्त कब्जे से एक सफेद प्लास्टिक थैले में रखा 1.800 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 90 हजार रुपये बताई गई है।
इसके अलावा आरोपियों के पास से एक मोबाइल फोन (कीमत 4 हजार रुपये) और 460 रुपये नगद भी बरामद किए गए। इस तरह कुल 94,460 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों में ऋषभ यादव (18 वर्ष) और प्रियांशु चौहान (19 वर्ष) दोनों महासमुंद के निवासी हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों, महुआ शराब और अन्य नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। वर्ष 2026 में अब तक 54 मामलों में 3086 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त किया जा चुका है और 143 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
महासमुंद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
