मां सिद्धेश्वरी मंदिर लाखागढ़ में धूमधाम से शुरू हुआ चैत्र नवरात्र, भक्तिमय हुआ पीपल चौक।

पिथौरा क्षेत्र में गूंजे जयकारे: विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर चैत्र नवरात्र का शुभारंभ।


महासमुंद | जिले के पिथौरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लाखागढ़ स्थित पीपल चौक में मां सिद्धेश्वरी मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के साथ चैत्र नवरात्र का शुभारंभ किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और माता दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर नौ दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व की शुरुआत की गई।

चैत्र नवरात्र हिंदू धर्म का एक प्रमुख और पवित्र पर्व है, जो देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना के लिए समर्पित होता है। यह पर्व चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से प्रारंभ होकर नौ दिनों तक चलता है। इस दौरान भक्तजन उपवास रखकर, दुर्गा सप्तशती का पाठ कर और अखंड ज्योति प्रज्वलित कर मां दुर्गा की आराधना करते हैं।


मां सिद्धेश्वरी मंदिर में भी प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना, आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। यहां देवी के नौ स्वरूप—शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री की पूजा की जाएगी। नवरात्र का यह पर्व आत्मशुद्धि, शक्ति और साहस का प्रतीक माना जाता है।

ग्राम लाखागढ़ में मां सिद्धेश्वरी समिति के तत्वावधान में पूरे आयोजन को भव्य रूप दिया जा रहा है। मंदिर परिसर में प्रतिदिन शाम को आरती के साथ ही भजन-कीर्तन का आयोजन होता है, जिसमें छोटे-छोटे बच्चे जस गीत और भजन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना रहे हैं।

इसके साथ ही सप्ताह के विभिन्न दिनों में विशेष पूजा का आयोजन भी किया जाता है—मंगलवार को बजरंगबली, बुधवार को भगवान गणेश और शनिवार को शनि देव की पूजा की जाती है।

मंदिर की व्यवस्था और देखरेख में राही यादव की प्रमुख भूमिका है, वहीं महिला समिति की सदस्याएं तनुजा बंजारा, हेमलता श्रीवास, लक्ष्मी श्रीवास्तव, गौरी बाई यादव, उर्वशी यादव, भारती यादव, प्रेमा श्रीवास, जानकी दीवार, ज्योति जोशी, परी शर्मा, वर्षा यादव, नीलिमा यादव, लाडो बंजारा सहित अन्य सदस्य सक्रिय सहयोग दे रही हैं। इसके अलावा कुमार श्रीवास, मनीष यादव, नंदू यादव, नंदू नायक, नरेश नायक सहित ग्राम के अन्य लोग भी आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

पूरे गांव में नवरात्र को लेकर उत्साह का माहौल है और पीपल चौक स्थित मंदिर इन दिनों पूरी तरह भक्ति में सराबोर नजर आ रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post