5 दिन में 1.47 करोड़ कैश पकड़कर महासमुंद पुलिस का बड़ा खुलासा, संदिग्ध पैसों के नेटवर्क पर कड़ी नजर।
महासमुंद। जिले में अवैध गतिविधियों और अंतरराज्यीय सीमाओं पर संदिग्ध लेन-देन पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना बसना और थाना बलौदा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुल 75 लाख 20 हजार रुपये नकद सहित दो लग्जरी कारों को जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ओडिशा के पदमपुर से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही एक संदिग्ध टोयोटा हाईराईडर कार (CG 04 QU 6591) को पलसापाली नाका पर घेराबंदी कर रोका गया। वाहन में सवार व्यक्तियों ने अपनी पहचान आशु बंसल (मुरैना, वर्तमान रायपुर) और चालक महेंद्र चौहान (मलाजखंड) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान वाहन में रखी प्लास्टिक बोरी से 32 लाख 50 हजार रुपये नगद बरामद हुए। पूछताछ में दोनों आरोपियों द्वारा राशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
इसी तरह, थाना बलौदा क्षेत्र के सिरपुर नाका में चेकिंग के दौरान एक XUV कार (OD 08 AA 4159) को रोका गया। वाहन में सवार केशव अग्रवाल और गोविंद चंद मुंड (दोनों ओडिशा निवासी) के पास से 15 लाख रुपये नगद बरामद किए गए। यहां भी आरोपियों द्वारा नगदी के स्रोत और परिवहन से संबंधित कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
पुलिस ने दोनों मामलों में धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए नगदी रकम, वाहनों और अन्य सामग्री को जब्त कर लिया है। साथ ही मामले की जानकारी आयकर विभाग को भेज दी गई है, ताकि वित्तीय जांच आगे बढ़ाई जा सके।
गौरतलब है कि महासमुंद पुलिस द्वारा पिछले 5 दिनों में कुल 1 करोड़ 47 लाख 50 हजार 480 रुपये नगद जब्त किए जा चुके हैं, जिससे साफ है कि पुलिस अवैध आर्थिक गतिविधियों पर लगातार सख्ती बरत रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में आगे भी इसी तरह सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

