बसना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बाइक से गांजा तस्करी करते दो आरोपी गिरफ्तार, लाखों की जप्ती।

एन्टी नारकोटिक टीम की सख्ती जारी: 4 किलो से अधिक गांजा, बाइक और मोबाइल जब्त।


महासमुंद। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना बसना पुलिस को एक और सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने बाइक से गांजा तस्करी करते दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4.070 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा सहित अन्य सामग्री जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 मार्च 2026 को नियमित वाहन चेकिंग के दौरान बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GX 4909 को रोका गया। वाहन में सवार चालक ने अपना नाम सुरेन्द्र कुमार गडतिया (32 वर्ष) निवासी पझरापाली थाना बसना तथा पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम संजय विशाल (22 वर्ष) निवासी चारभांठा थाना सांकरा बताया।

संदेह के आधार पर तलाशी लेने पर आरोपियों के पास रखे सफेद झोले से चार पैकेट में टेप से लिपटा हुआ गांजा बरामद हुआ। तौल करने पर इसकी मात्रा 4.070 किलोग्राम पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 3 हजार 500 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के साथ परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (कीमत करीब 70 हजार रुपये) और दो मोबाइल फोन (कीमत लगभग 10 हजार रुपये) भी जब्त कर लिए। इस प्रकार कुल 2 लाख 83 हजार 500 रुपये की संपत्ति जप्त की गई है।

आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है और न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिले में 52 प्रकरणों में 3076.460 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी कीमत 15 करोड़ 33 लाख 4 हजार रुपये से अधिक है। इस दौरान कुल 139 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 40 छत्तीसगढ़ और 99 अन्य राज्यों के निवासी शामिल हैं।

यह पूरी कार्रवाई एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना बसना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post