सहायक उपकरण पाकर खिले चेहरे, शिविर में 10 दिव्यांगजनों को मिला लाभ।
पिथौरा। जनपद पंचायत पिथौरा में दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष उषा पुरुषोत्तम घृतलहरे, उपाध्यक्ष ब्रम्हानंद पटेल और भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी ने दिव्यांगजनों को उपकरण प्रदान किए। इस दौरान 4 दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, 3 को ट्रायसाइकिल और 3 को श्रवण यंत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद अध्यक्ष उषा पुरुषोत्तम घृतलहरे ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए योजनाएं बनाकर उन्हें जमीन पर उतार रही है, जिससे लोगों का जीवन स्तर बेहतर हो रहा है। उपाध्यक्ष ब्रम्हानंद पटेल ने कहा कि सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजनों के चेहरे पर खुशी दिखाई दे रही है और अब वे अपने दैनिक कार्य अधिक सहजता से कर सकेंगे। जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी ने कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और दिव्यांगजन भी विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहे हैं।
शिविर में ट्रायसाइकिल नरेश निषाद, रोहित भोई और योगेश यादव को दी गई, जबकि हेमंत कुमार, कृष्ण रात्रे, मंजू चौधरी और मांशी प्रधान को व्हीलचेयर प्रदान की गई। वहीं कार्तिमराम राम नायक, पार्वती यादव और अंगारमती ठाकुर को श्रवण यंत्र दिए गए। कार्यक्रम में जनपद व समाज कल्याण विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
