6 घंटे में पकड़ा पूरा ड्रग नेटवर्क, 11 तस्कर गिरफ्तार; 66.25 लाख का गांजा बरामद।
महासमुंद, 09 फरवरी 2026। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और जिला पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। सिंघोड़ा, कोमाखान और बागबाहरा थाना क्षेत्रों में हुई तीन अलग-अलग कार्रवाई में कुल 132.5 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 66 लाख 25 हजार रुपये है। तस्करी में प्रयुक्त 6 कार (करीब 55 लाख रुपये) भी जब्त की गई हैं। इस पूरे अभियान में मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और ओडिशा के 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
इस बड़ी सफलता में रायपुर, राजनांदगांव और महाराष्ट्र के भंडारा जिले की पुलिस का समन्वय और साइबर थाना के डाटा एनालिटिक्स एवं इंटेलिजेंस डेस्क की विशेष भूमिका रही, जिसके कारण मात्र 6 घंटे में सप्लायर से लेकर खरीददार तक पूरी चेन को पकड़ने में सफलता मिली।
सिंघोड़ा थाना की कार्रवाई
नेशनल हाईवे-53 पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो संदिग्ध कारों को रोका। तलाशी लेने पर 52.5 किलो गांजा, चार मोबाइल फोन और नगदी बरामद की गई। साथ ही स्विफ्ट डिजायर और टाटा इंडिको कार जब्त की गईं। इस कार्रवाई में जबलपुर (मध्यप्रदेश) के तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
कोमाखान थाना की कार्रवाई
एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और कोमाखान पुलिस ने संयुक्त नाकाबंदी के दौरान बोलेरो वाहन से 40 किलो गांजा जब्त किया। इस मामले में ओडिशा और महाराष्ट्र के कुल 6 आरोपी गिरफ्तार किए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी पायलट और फॉलो वाहनों की मदद से गांजा की सप्लाई कर रहे थे और नागपुर तक इसकी डिलीवरी की योजना थी। पुलिस ने बोलेरो सहित तीन कारें जब्त कीं और NDPS एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
बागबाहरा थाना की कार्रवाई
तीसरी कार्रवाई में बागबाहरा पुलिस ने हुंडई वेरना कार से 40 किलो गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी मध्यप्रदेश के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने वाहन समेत मादक पदार्थ जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
2026 में अब तक की बड़ी उपलब्धि
जिला पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 34 मामलों में 2285 किलो गांजा (कीमत 11.42 करोड़ रुपये) जब्त किया जा चुका है। साथ ही 35 वाहन (कीमत 1.20 करोड़ रुपये) जब्त कर 93 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 69 आरोपी अन्य राज्यों के हैं। इनमें ओडिशा के 23, मध्यप्रदेश के 17, महाराष्ट्र के 16, उत्तर प्रदेश के 5, बिहार के 2, हरियाणा के 2, दिल्ली के 1 और राजस्थान के 3 आरोपी शामिल हैं।
पुलिस अब पूरे नेटवर्क से जुड़े वित्तीय लेन-देन, संपत्तियों और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर आगे वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहने की बात कही गई है।
