हेलमेट रैली के जरिए यातायात नियमों का संदेश, एसपी प्रभात कुमार पटेल ने की अगुवाई।
महासमुंद। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला पुलिस महासमुंद द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की मंशा के अनुरूप आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य “सड़क सुरक्षा से जीवन रक्षा” की भावना को सशक्त बनाना है।
शुभारंभ अवसर पर शहीद सहायक उप निरीक्षक स्व. विवेकानंद त्रिपाठी की पुत्री जागृति त्रिपाठी, शहीद आरक्षक स्व. प्रमोद पटेल की धर्मपत्नी श्रीमती किरण पटेल एवं शहीद आरक्षक स्व. गौतम पाण्डेय की पुत्री मीनाक्षी पाण्डेय ने हेलमेट रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हेलमेट रैली की अगुवाई पुलिस अधीक्षक महासमुंद प्रभात कुमार पटेल ने की।
कार्यक्रम में जिला पुलिस, यातायात विभाग एवं परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि सड़क दुर्घटनाएं केवल आंकड़े नहीं होतीं, बल्कि इनके पीछे परिवारों का टूटना और गहरा मानसिक व आर्थिक आघात छिपा होता है।
पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि यातायात नियमों का पालन किसी दबाव में नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। साथ ही युवाओं से तेज रफ्तार से बचते हुए संयमित ड्राइविंग अपनाने का आग्रह किया।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक जिलेभर में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान हाट-बाजारों में नुक्कड़ नाटक, स्कूल-कॉलेजों में यातायात कार्यशालाएं, व्यावसायिक चालकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर तथा ड्राइविंग लाइसेंस हेतु विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शुभारंभ अवसर पर निकाली गई विशाल बाइक हेलमेट रैली पुलिस कंट्रोल रूम महासमुंद से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुलिस कार्यालय में संपन्न हुई। रैली के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा एक साझा जिम्मेदारी है और नियमों का पालन ही सुरक्षित जीवन की कुंजी है।


