अपार आईडी अब प्राथमिकता: बागबाहरा विकासखण्ड में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने पर ज़ोर।
बागबाहरा। विकासखण्ड बागबाहरा में विद्यार्थियों की अपार आईडी निर्माण को लेकर समस्त निजी एवं अनुदान प्राप्त अशासकीय विद्यालयों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन सहायक विकासखण्ड शिक्षाधिकारी रामता डे के समन्वय में किया गया, जिसकी अध्यक्षता विकासखण्ड शिक्षाधिकारी के. के. वर्मा ने की।
बैठक में पीएमश्री सेजेस बागबाहरा की प्राचार्या सुषमा बड़ा, बीआरसी भुपेश्वरी साहू, संकुल समन्वयक भूपेन्द्र निराला सहित विकासखण्ड के सभी निजी व अनुदान प्राप्त विद्यालयों के संस्था प्रमुख एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
एबीईओ रामता डे ने अपार आईडी निर्माण की विद्यालयवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा प्रस्तुत की। उन्होंने शेष प्रकरणों, आधार प्रमाणीकरण, दस्तावेज अपलोड, पोर्टल प्रविष्टि और तकनीकी समस्याओं पर बिंदुवार चर्चा करते हुए शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अपार आईडी केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की स्थायी शैक्षणिक पहचान है, जो भविष्य में डिजिटल रिकॉर्ड और शासकीय योजनाओं से जोड़ने में सहायक होगी। सभी विद्यालयों से आगामी सप्ताहांत तक कार्य पूर्ण करने, नोडल व्यक्ति नियुक्त करने और अभिभावकों से समन्वय बनाने की अपील की गई।
विकासखण्ड शिक्षाधिकारी के. के. वर्मा ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं डीएमसी के निर्देशों का उल्लेख करते हुए निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने पर ज़ोर दिया। उन्होंने संकुल स्तर पर सतत मॉनिटरिंग और सहयोगात्मक कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए।
प्राचार्या सुषमा बड़ा ने विद्यालय स्तर पर सफल क्रियान्वयन के अनुभव साझा किए, वहीं संकुल समन्वयक भूपेन्द्र निराला ने नियमित फॉलोअप और सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में तय किया गया कि नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से प्रगति की निगरानी की जाएगी। बैठक सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई।

