ANTF और बसना पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में 200 नशीली गोलियां जब्त।
महासमुंद // Anti Narcotics Task Force (ANTF) द्वारा अवैध नशीली दवाओं की तस्करी, उसके वित्तीय स्रोत, सप्लाई चेन तथा एंड-टू-एंड नेटवर्क पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इन्हीं निर्देशों के तहत ANTF एवं थाना बसना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता अर्जित की है।
17 नवंबर 2025 को खटखटी ओवरब्रिज के पास पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की एक एक्टिवा स्कूटी पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोके जाने पर दोनों घबरा गए, जिससे संदेह गहरा गया। पूछताछ में उन्होंने स्कूटी की डिक्की में नशीली दवाइयां होने की बात स्वीकार की।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान वतन डडेसना (28 वर्ष), निवासी महलपारा वार्ड 09, पिथौरा तथा सहबाज खान (28 वर्ष), निवासी वार्ड 01, अरेकेल, थाना बसना के रूप में हुई। स्कूटी की डिक्की की तलाशी में काले प्लास्टिक में पैक अवैध नशीली दवा Nitrosun 10 mg (Nitrazepam Tablets IP) के कुल 20 पत्ते, प्रत्येक में 10 गोलियां—कुल 200 गोलियां मिलीं। प्रत्येक टैबलेट की कीमत 73.13 रुपये के हिसाब से कुल मूल्य 1,462.60 रुपये आंका गया।
आरोपियों ने बताया कि वे ये नशीली गोलियां ओडिशा से लाकर महासमुंद में अवैध रूप से बेचने के उद्देश्य से ला रहे थे। दोनों के कब्जे से 200 नशीली गोलियां, एक बिना नंबर स्कूटी (कीमत 90,000 रुपये) और दो मोबाइल फ़ोन सहित कुल 91,462 रुपये मूल्य का माल जप्त किया गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बसना में NDPS एक्ट की धारा 21 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह संपूर्ण कार्रवाई Anti Narcotics Task Force तथा महासमुंद पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
