चोरी की 80 हजार नकदी और 12 लाख की क्रेटा कार पुलिस ने शत-प्रतिशत बरामद की।
महासमुंद // महासमुंद पुलिस ने बिठोवा टॉकीज परिसर में हुई चोरी की गंभीर वारदात का खुलासा करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए दोनों आरोपी आपस में बाप-बेटा हैं, जिन्होंने मिलकर इस चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से चोरी की 80,000 रुपये नकद राशि और 12,00,000 रुपये कीमत की क्रेटा कार पूरी तरह बरामद कर ली गई। संयुक्त कार्रवाई में साइबर सेल और थाना महासमुंद पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घटना का विवरण
प्रार्थी अक्षय राव साकरकर ने थाना महासमुंद में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 17 नवंबर 2025 की सुबह उनके भाई ने टॉकीज कार्यालय का ताला टूटा देखकर उन्हें सूचना दी। कार्यालय की खिड़की टूटी हुई थी और अंदर की तीन अलमारियां खुली हुई थीं। जांच करने पर पाया गया कि रात में रखे गए 80,000 रुपये नकद और टेबल में रखी क्रेटा कार (CG 06 GU 9990) की चाबी गायब थी। आरोपियों ने मेन गेट का ताला तोड़कर कार को चोरी कर ले गए थे। रिपोर्ट पर थाना महासमुंद में अपराध धारा 305(ए), 331(4) BNS के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
चोरी की तहकीकात और आरोपी गिरफ़्तारी
जाँच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और प्रार्थी से पुराने कर्मचारियों की जानकारी ली। प्रार्थी ने बताया कि घटना के आसपास मनीष बंसोड़ को देखा गया था। पुलिस ने तुरंत मनीष बंसोड़ (18 वर्ष, निवासी वार्ड 11, खैराभाठा) को पकड़कर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने पिता संतोष बंसोड़ (45 वर्ष) के साथ टॉकीज में चोरी के इरादे से गया था। उसने बताया कि 16 नवंबर को दोनों सब्बल लेकर रात में टॉकीज पहुंचे। मनीष अंदर घुसा, जबकि पिता बाहर निगरानी कर रहा था। अंदर से उसने कार की चाबी और 80,000 रुपये नकद चोरी कर लिए और कार अपने पिता को सौंप दी।
पुलिस टीम ने आरोपी पिता संतोष बंसोड़ को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों की गिरफ्तारी के बाद चोरी की गई क्रेटा कार और नगदी राशि 80,000 रुपये पूरी तरह बरामद कर ली गई। कुल बरामदगी 12,80,000 रुपये की है।
कानूनी कार्रवाई
दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 305(ए) और 331(4) BNS के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
यह संपूर्ण कार्रवाई महासमुंद पुलिस की टीम द्वारा की गई।
