जल संरक्षण में महासमुंद नंबर-1 — राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कलेक्टर लंगेह को किया सम्मानित।

जल संचय अभियान में देशभर में चमका महासमुंद, मिला 1 करोड़ का राष्ट्रीय पुरस्कार।

महासमुंद // राष्ट्रीय जल संरक्षण प्रयासों में उल्लेखनीय योगदान के लिए महासमुंद जिले को एक बार फिर बड़ी उपलब्धि मिली है। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित 6वाँ राष्ट्रीय जल पुरस्कार एवं जल संचय-जनभागीदारी (JSJB 1.0) समारोह में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह को सम्मानित किया।


पूर्वी जोन के कैटेगरी–2 में महासमुंद जिला बेस्ट परफॉर्मिंग जिले के रूप में प्रथम स्थान पर रहा, जिसके तहत जिले को 1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।


कार्यक्रम में केंद्रीय जल संसाधन मंत्री श्री सी.आर. पाटिल एवं राज्य मंत्री श्री वी. सोमन्ना सहित देशभर के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। महासमुंद जिले की ओर से कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के साथ जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता श्री अजय खरे भी उपस्थित रहे।


जिले को यह सम्मान कुल 35,182 जल संरचनाओं के निर्माण एवं प्रभावी जल संचयन कार्यों के लिए दिया गया है, जो पूरे राज्य और देश में उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है।


सम्मान प्राप्त करने के बाद कलेक्टर श्री लंगेह ने इसे संपूर्ण जिले वासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों की सामूहिक मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी, जागरूकता और निरंतर प्रयासों ने महासमुंद को यह राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि दिलाई है।


कलेक्टर ने जिलेवासियों को इस गौरव के लिए बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति के करकमलों से मिला यह सम्मान महासमुंद जिले के लिए ऐतिहासिक पल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post