ऑपरेशन निश्चय: सिंघोड़ा पुलिस के हत्थे चढ़ी गांजे की बड़ी खेप, कंटेनर से 120 किलो गांजा बरामद।
महासमुंद। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत सिंघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर NH-53 स्थित रेहटीखोल मार्ग पर एक कंटेनर वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें चार प्लास्टिक बोरियों से 120.060 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 60 लाख 3 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देशों के तहत जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक कंटेनर वाहन में गांजे की बड़ी खेप ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही है।
सूचना के आधार पर सिंघोड़ा पुलिस ने NH-53 के रेहटीखोल क्षेत्र में घेराबंदी कर हरे-पीले रंग के कंटेनर क्रमांक CG06 AV 4815 को रोका। वाहन में दो व्यक्ति सवार मिले। पूछताछ में चालक ने अपना नाम वसीम शाह (38) निवासी अमिरपुरा नडियाद, जिला खेड़ा, गुजरात तथा दूसरे व्यक्ति ने अय्युब खान (56) निवासी बोरसद, जिला आनंद, गुजरात बताया।
चार बोरियों में छिपाकर रखा था गांजा
पुलिस द्वारा कंटेनर की तलाशी लेने पर वाहन के पीछे डाले में चार प्लास्टिक बोरियां मिलीं। जांच करने पर उनमें कुल 120.060 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों द्वारा गांजा संबलपुर, ओडिशा से गुजरात ले जाना बताया गया।
पुलिस ने गांजा बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में NDPS Act की धारा 20(B)ii(C) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
70.08 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर और आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
जब्ती का विवरण—
- 120.060 किलो गांजा — ₹60,03,000
- 02 मोबाइल फोन — ₹5,500
- कंटेनर वाहन CG06 AV 4815 — ₹10,00,000
- कुल जब्त संपत्ति — ₹70,08,500
पुलिस अब मामले में गांजे के सोर्स प्वाइंट, डेस्टिनेशन प्वाइंट और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। ऑपरेशन निश्चय के तहत की गई इस कार्रवाई को जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।



