चोटों के निशान से शुरू हुई तफ्तीश, पूछताछ में खुला राज; दो आरोपी गिरफ्तार, खून लगे कपड़े और बाइक बरामद।
महासमुंद/भंवरपुर। चौकी भंवरपुर क्षेत्र में हुई एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत की गुत्थी पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। मृतक के शरीर पर मिले चोटों के निशान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की आशंका, घटनास्थल की फोरेंसिक जांच और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर खून लगे कपड़े और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
अस्पताल मेमो से शुरू हुई पुलिस की जांच
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को चौकी भंवरपुर, थाना बसना में अस्पताल मेमो प्राप्त हुआ। इसमें बताया गया कि ग्राम बड़े साजापाली में भानूप्रताप लहरे (37) और मनोहर कोसरिया (37) मोटरसाइकिल से एक व्यक्ति को अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान परदेशी यादव के रूप में हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक के शरीर की जांच करने पर चोटों के निशान दिखाई दिए। इसके बाद शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक ने मृत्यु के संबंध में हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए मामले को पुलिस जांच का विषय बताया।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी भंवरपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कराया। मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से जांच कराई गई और आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना से कुछ समय पहले मृतक परदेशी यादव सहित तीनों व्यक्ति शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान मृतक द्वारा आरोपी मनोहर कोसरिया की पत्नी के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ किए जाने की बात सामने आई।
छेड़छाड़ की बात पर विवाद, फिर हुई मारपीट
पुलिस के मुताबिक, पत्नी के साथ छेड़छाड़ की बात सामने आने के बाद मनोहर कोसरिया आक्रोशित हो गया। आरोप है कि उसने परदेशी यादव के साथ हाथ-मुक्कों और लात से मारपीट की। मारपीट में गंभीर चोट लगने के बाद परदेशी जमीन पर गिर गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि इसके बाद भी गुस्से में मनोहर द्वारा परदेशी के साथ दोबारा मारपीट की गई। शरीर पर चोटें आने के बाद वह अचेत होकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद मनोहर कोसरिया और भानूप्रताप लहरे उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत पाया।
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार की मारपीट
पुलिस ने दोनों संदिग्धों को घटनास्थल पर बुलाकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान भानूप्रताप लहरे और मनोहर कोसरिया ने परदेशी यादव के साथ मारपीट करना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों को जांच में शामिल किया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मारपीट के समय आरोपियों के कपड़ों पर खून लग गया था। पुलिस से बचने के लिए दोनों ने कथित तौर पर इन कपड़ों को छिपा दिया था।
गड्ढे से मिले खून लगे कपड़े, बाइक भी जब्त
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने खून लगे कपड़ों को शासकीय अस्पताल भंवरपुर के सामने स्थित एक गड्ढे में छिपाया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों के खून लगे कपड़े बरामद किए।
इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी वजह-ए-सबूत जब्त किया गया है। पुलिस ने बरामद सामग्री को मामले की विवेचना में शामिल कर लिया है।
दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के आधार पर अपराध क्रमांक 492/2026 दर्ज किया। मामले में धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है—
1. भानूप्रताप लहरे, पिता बुद्धेश्वर लहरे, उम्र 37 वर्ष, निवासी कुदरीपारा, बांकी मोंगरा, थाना बांकी मोंगरा, जिला कोरबा।
2. मनोहर कोसरिया, पिता स्व. देवेन्द्र कोसरिया, उम्र 37 वर्ष, निवासी बड़े साजापाली, चौकी भंवरपुर, थाना बसना, जिला महासमुंद।
दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विवेचना कर रही है।



