महासमुंद पुलिस का बड़ा अभियान: एक दिन में 47 वारंटी दबोचे, कोर्ट में किया पेश।

थानावार टीमों की विशेष सर्च मुहिम: 47 वारंटियों की धरपकड़ से अपराधियों में हड़कंप।



महासमुंद।

जिले में अपराध नियंत्रण एवं लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए महासमुंद पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 01 सितंबर से 07 सितंबर 2026 तक चलने वाले इस विशेष “सर्च मुहिम” अभियान के तहत पुलिस ने बुधवार 03 सितंबर 2026 को बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 47 वारंटियों को दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए वारंटियों में 18 स्थायी वारंटी और 29 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। सभी के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई करते हुए संबंधित माननीय न्यायालयों के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

थानावार गठित की गईं विशेष टीमें

महासमुंद पुलिस ने फरार वारंटियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पृथक-पृथक टीमें गठित कर विशेष सर्च अभियान चलाया। पुलिस की इस कार्रवाई में बसना, बागबाहरा, पिथौरा, सांकरा, सिंघोड़ा, सरायपाली, पटेवा, कोमाखान, महासमुंद और बलौदा थाना क्षेत्रों में वारंटियों की धरपकड़ की गई।

बसना थाना क्षेत्र में सबसे बड़ी कार्रवाई

विशेष अभियान के दौरान थाना बसना पुलिस ने 02 स्थायी वारंट एवं 11 गिरफ्तारी वारंटों सहित कुल 13 वारंटियों के विरुद्ध कार्रवाई की।

बसना थाना क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान मनीष अग्रवाल, प्रेम सिंह डडसेना, लकेश्वर गिरी, पप्पू सोनवानी, श्यामलाल नायक, मोहन गिरी, भिष्मदेव जगत, महेश राम रात्रे, गजानंद साव, सहोदरा केसरिया, गणेश टांडी, गोवर्धन टांडी और अश्वनी ग्वाल के विरुद्ध वारंटों का निष्पादन किया गया।

पिथौरा में 7 गिरफ्तारी वारंट तामील

थाना पिथौरा क्षेत्र में पुलिस ने 07 गिरफ्तारी वारंटों का निष्पादन किया। इनमें मुकेश कुमार पटेल, उमाशंकर पटेल, रेवाराम सोनवानी, बलराम यादव, रमेश बरिहा, सदानंद यादव और प्रियंका बंजारे शामिल हैं।

सरायपाली में 10 स्थायी वारंटों पर कार्रवाई

थाना सरायपाली क्षेत्र में विशेष अभियान के तहत 10 स्थायी वारंटों का निष्पादन किया गया। पुलिस ने कुष्ठो उर्फ झांकर, महेशराम, आलेख सारथी, चुडामणी, चंदन दास, सुचित्रा कानुनगो, बजरंग दास, सुरेश प्रधान, गोविंददास और तेज कुमार भोई के विरुद्ध कार्रवाई की।

अन्य थाना क्षेत्रों में भी धरपकड़

अभियान के तहत थाना बागबाहरा में 03, सांकरा में 03, सिंघोड़ा में 01, पटेवा में 03, कोमाखान में 03, महासमुंद में 02 तथा बलौदा में 02 वारंटियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

अपराधियों पर आगे भी जारी रहेगी सख्ती

महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि माननीय न्यायालयों द्वारा जारी स्थायी, गिरफ्तारी और जमानती वारंटों एवं समनों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। लंबे समय से फरार वारंटियों की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

पुलिस का कहना है कि जिले की शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों पर नियंत्रण के लिए सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

महासमुंद पुलिस की इस विशेष सर्च मुहिम से फरार वारंटियों और आपराधिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति है।



Post a Comment

Previous Post Next Post