पिथौरा के जंगल प्लांट (लक्ष्मीपुर) में 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत आयुष स्वास्थ्य मेला आयोजित।

365 लोगों ने लिया आयुर्वेदिक चिकित्सा परामर्श, 170 लोगों की बीपी, शुगर एवं Hb जांच।


महासमुंद (पिथौरा)। 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर एकल अभियान एवं आयुष विभाग, विकासखंड पिथौरा, जिला महासमुंद के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम जंगल प्लांट (लक्ष्मीपुर) में नि:शुल्क आयुष स्वास्थ्य मेला एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।


कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत पिथौरा की अध्यक्ष उषा पुरुषोत्तम घृतलहरे रहीं। विशेष अतिथि समाजसेवी सत्यनारायण अग्रवाल रहे। कार्यक्रम में जनपद पंचायत सदस्य पुरुषोत्तम घृतलहरे, भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी, जयंती अग्रवाल, ग्राम सरपंच रेवती भोई, डॉ. संजय गोयल एवं रामचरण पटेल मंचस्थ रहे।


आयुर्वेद और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा की भावना को पहुंचाना है। आयुर्वेद हमारी प्राचीन और समृद्ध चिकित्सा पद्धति है, जिसमें रोगों के उपचार के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली और रोगों की रोकथाम पर भी विशेष जोर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन से लोगों को घर के समीप ही स्वास्थ्य जांच, चिकित्सा परामर्श और आयुष सेवाओं का लाभ मिलता है। नियमित योग, संतुलित आहार और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है।


पुरुषोत्तम घृतलहरे ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन अत्यंत उपयोगी है। आयुर्वेद केवल उपचार की पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की एक समग्र परंपरा है। उन्होंने ग्रामीणों से शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श का लाभ लेने तथा योग और संतुलित आहार को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।


सत्यनारायण अग्रवाल ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता जरूरी है। आयुष विभाग और एकल अभियान द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर चिकित्सा परामर्श, जांच और आयुर्वेदिक सेवाएं उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने के साथ समय पर जांच और उचित परामर्श प्राप्त करने का अवसर मिलता है।


शिविर का आयोजन प्रभारी जिला आयुष अधिकारी, महासमुंद डॉ. यशवंत चंद्राकर के मार्गदर्शन में किया गया। शिविर प्रभारी डॉ. खगेश साहू, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी, शासकीय आयुर्वेद औषधालय रायतुम रहे।


शिविर में आयुर्वेदिक चिकित्सकों द्वारा 365 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा परामर्श किया गया। वहीं 170 लोगों की रक्तचाप, ब्लड शुगर एवं हीमोग्लोबिन (Hb) की जांच की गई। साथ ही नेत्र जांच, आयुर्वेदिक स्वास्थ्य परामर्श तथा औषधीय आयुष काढ़े का नि:शुल्क वितरण किया गया।


शिविर में डॉ. देवलता निषाद, डॉ. नंदिनी मिरी, डॉ. योगेश्वर मनहर एवं डॉ. स्मृति तिर्की ने चिकित्सा सेवाएं प्रदान कीं। नरेश कुमार ध्रुव, राधेश्याम ठाकुर एवं प्रीतम दीवान ने फार्मासिस्ट के रूप में सेवाएं दीं। अशोक कुमार साहू औषधालय सेवक, शिव कुमार पटेल एवं खुशी कुमार ने शिविर में महत्वपूर्ण योगदान दिया।


स्वास्थ्य विभाग की टीम में डिग्री लाल भुई, आरएमए पिथौरा, खिरसागर पटेल, आरएचओ, तोषकुमार सिदार, लैब टेक्नीशियन, हरकेश कुमार सिन्हा, नेत्र सहायक अधिकारी तथा ललेश साहू उपस्थित रहे और अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन किया।


योग प्रशिक्षण रहा विशेष आकर्षण


शिविर में योग प्रशिक्षक भगवान दास यादव ने बुजुर्गों, बच्चों एवं मध्यम आयु वर्ग के लोगों को विभिन्न योगासन एवं योगाभ्यास का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने नियमित योग, प्राणायाम एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।


कार्यक्रम में एकल अभियान की ओर से अंचल गतिविधि प्रमुख सालिक राम साहू, धर्मेंद्र प्रधान, कन्हैया साहू, उमेद्र यादव, रमेश्वर यादव, रूपेश यादव, आचार्य स्वाति भोई एवं राखी राणा सहित अन्य कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े कार्यकर्ताओं की भी सहभागिता रही।


शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक जीवनशैली, संतुलित आहार एवं नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। ग्रामीणों ने नि:शुल्क चिकित्सा, जांच, योग प्रशिक्षण एवं आयुष काढ़ा वितरण जैसी सेवाओं का लाभ उठाया।


कार्यक्रम का उद्देश्य आयुर्वेद एवं आयुष चिकित्सा पद्धति को जन-जन तक पहुंचाना तथा ग्रामीण क्षेत्र में स्वस्थ जीवनशैली और रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।




Post a Comment

Previous Post Next Post