उमस भरी गर्मी के बाद इंद्रदेव मेहरबान, लेकिन पिथौरा के साप्ताहिक बाजार में बारिश ने बढ़ाई परेशानी।
पिथौरा | सोमवार को पिथौरा के प्रसिद्ध साप्ताहिक बाजार के दिन मौसम ने अचानक करवट ली और शाम को शुरू हुई तेज बारिश ने पूरे बाजार की रौनक पर पानी फेर दिया है। मूसलाधार बारिश इतनी तेज है कि कुछ ही देर में बाजार परिसर में पानी भरने लगा है और लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण बाजार पूरी तरह अस्त-व्यस्त नजर आ रहा है।
बारिश के दौरान सबसे अधिक परेशानी सब्जी विक्रेताओं और छोटे व्यापारियों को उठानी पड़ी। खुले में दुकान लगाए बैठे सब्जी विक्रेता अपनी उपज और सामान को भीगने से बचाने के लिए तिरपाल के नीचे दुबकने को मजबूर हो गए। कई दुकानदारों ने जल्दबाजी में अपने सामान को प्लास्टिक और तिरपाल से ढंककर सुरक्षित रखने का प्रयास किया।
आज सुबह से ही मौसम में तेज उमस बनी हुई थी। पिछले कुछ दिनों से बारिश नहीं होने के कारण लोग भीषण गर्मी और उमस से परेशान थे। दोपहर बाद अचानक काले बादलों ने आसमान को ढंक लिया और देखते ही देखते तेज बारिश शुरू हो गई। शुरुआत में लोगों को बारिश से राहत की उम्मीद थी, लेकिन लगातार और तेज बारिश ने बाजार की व्यवस्था बिगाड़ दी।
साप्ताहिक बाजार होने के कारण आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचे थे। लेकिन तेज बारिश के चलते खरीदार भी दुकानों और तिरपालों के नीचे शरण लेने को मजबूर हो गए। कई लोग बारिश रुकने का इंतजार कर रहे है, जबकि कुछ लोग भीगते हुए अपने घरों की ओर लौट रहे है।
लगातार हो रही बारिश से बाजार परिसर की सड़कों पर पानी भर गया, जिससे आवागमन भी प्रभावित भी हो रहा है। सब्जी, फल और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बिक्री पर भी इसका असर साफ दिखाई दे रहा है। दुकानदारों का कहना है कि बाजार के दिन अच्छी बिक्री की उम्मीद थी, लेकिन अचानक हुई तेज बारिश से कारोबार प्रभावित हो गया है।
हालांकि, भीषण उमस से परेशान लोगों को बारिश ने मौसम में ठंडक जरूर दी है, लेकिन साप्ताहिक बाजार में पहुंचे व्यापारियों और ग्राहकों के लिए यह राहत परेशानी में बदल गई है। देर शाम तक भी बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही है और पूरा बाजार बारिश के बीच सामान्य होने का इंतजार कर रहा है। अभी लगातार बारिश जारी हैं .....................









