महासमुंद पुलिस का 'नवा बिहान अभियान' बना जन-जागरूकता की मिसाल, 700 से अधिक नागरिक हुए जागरूक।


साइबर ठगी, नशा और सड़क हादसों के खिलाफ महासमुंद पुलिस का बड़ा अभियान, गांव-गांव पहुंचा सुरक्षा का संदेश।



महासमुंद पुलिस का 'नवा बिहान अभियान' बना जन-जागरूकता की मिसाल, 700 से अधिक नागरिक हुए जागरूक

महासमुंद | 02 अगस्त 2026।
बदलते समय के साथ बढ़ते साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, नशाखोरी, सड़क दुर्घटनाओं और सामाजिक अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस द्वारा जिलेभर में "नवा बिहान अभियान" संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से पुलिस आम नागरिकों के बीच पहुंचकर उन्हें सुरक्षा, सतर्कता और कानून के प्रति जागरूक कर रही है। गत सप्ताह आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में 700 से अधिक नागरिकों ने भाग लेकर अभियान का लाभ उठाया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अभियान के तहत ग्राम भंवरपुर, तेन्दूकोना, भुरकोनी (चौकी बुन्देली), छूईपाली, बटकी, बावनकेरा, पटेवा, टुहलू, खल्लारी, किशनपुर सहित अनेक गांवों एवं स्कूल-कॉलेजों, हाट-बाजार, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को साइबर अपराध, सोशल मीडिया सुरक्षा, ऑनलाइन फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति, गौ-तस्करी रोकथाम, अभिव्यक्ति ऐप, यातायात नियमों तथा विभिन्न जन उपयोगी हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी।

डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी से बचने की दी सलाह

महासमुंद पुलिस ने लोगों को आगाह किया कि आजकल साइबर अपराधी स्वयं को पुलिस, सीबीआई, ईडी अथवा न्यायालय का अधिकारी बताकर वीडियो कॉल करते हैं और "डिजिटल अरेस्ट" के नाम पर लोगों को डराकर पैसे वसूलने का प्रयास करते हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि कोई भी सरकारी एजेंसी वीडियो कॉल पर किसी नागरिक को डिजिटल अरेस्ट नहीं करती और न ही ऑनलाइन पैसे जमा कराने के निर्देश देती है। ऐसे किसी भी कॉल पर घबराने के बजाय तुरंत कॉल काटकर साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।

अनजान लोगों से सोशल मीडिया पर दोस्ती पड़ सकती है भारी

अभियान के दौरान नागरिकों को बताया गया कि फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी भी अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें। संदिग्ध लिंक, फर्जी ऐप और अज्ञात वेबसाइटों से दूरी बनाए रखें तथा अपनी बैंकिंग, ओटीपी और व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

साथ ही व्हाट्सएप, फेसबुक एवं इंस्टाग्राम पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से चालू रखने की सलाह भी दी गई।

गौ-तस्करी रोकने जनता से मांगा सहयोग

पुलिस ने कहा कि यदि किसी को गौ-तस्करी अथवा अवैध परिवहन की सूचना मिले तो तत्काल नजदीकी थाना, डायल-112 अथवा "संवाद" व्हाट्सएप हेल्प डेस्क (94792-29939) पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

यातायात नियमों का पालन करने की अपील

कार्यक्रमों में विशेष रूप से सड़क सुरक्षा पर जोर देते हुए अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने नाबालिग बच्चों को दोपहिया अथवा चारपहिया वाहन चलाने के लिए न दें। वयस्क वाहन चालकों से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।

'संवाद' हेल्प डेस्क बना जनता का भरोसेमंद साथी

महासमुंद पुलिस द्वारा शुरू किया गया व्हाट्सएप शिकायत हेल्प डेस्क "संवाद" (94792-29939) नागरिकों के लिए एक प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। इस नंबर पर आम नागरिक गुप्त सूचना अथवा सामान्य शिकायत दर्ज करा सकते हैं। पुलिस ने कहा कि समय पर मिली एक छोटी-सी सूचना भी किसी बड़े अपराध को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

नशा छोड़ने और सुरक्षित समाज बनाने का संदेश

जागरूकता कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों ने युवाओं एवं ग्रामीणों से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। सभी नागरिकों से साइबर अपराध, नशाखोरी और अन्य सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध स्वयं जागरूक रहने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया गया।

महासमुंद पुलिस ने अपील की कि प्रत्येक नागरिक सतर्क और जिम्मेदार बनकर पुलिस का सहयोग करे, ताकि जिले को अपराधमुक्त, नशामुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके। "नवा बिहान अभियान" का उद्देश्य केवल अपराध रोकना नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा, विश्वास और जागरूकता की नई सुबह लाना है।









Post a Comment

Previous Post Next Post