महासमुंद में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने छात्राओं को बांटी निःशुल्क सरस्वती साइकिल।

बेटियों की शिक्षा को मिलेगी नई रफ्तार, विधायक ने किया साइकिल वितरण।


महासमुंद। स्थानीय शासकीय डीएमएस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महासमुंद में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी निःशुल्क सरस्वती साइकिल योजना के तहत पात्र छात्राओं को साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला विकास प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रमेश साहू ने की। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद महासमुंद के उपाध्यक्ष देवी चंद राठी, पार्षद मुन्ना देवार, राहुल आवड़े, अमित साहू, दिनेश रूपरेला, ऋषभ बाफना, आनंद गिरि गोस्वामी, रिखीराम साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 साइकिल से आसान होगा छात्राओं का स्कूल तक सफर

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देना और स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानियों को दूर करना है। उन्होंने कहा कि कई छात्राओं के लिए विद्यालय तक पहुंचने में दूरी और आवागमन बड़ी बाधा बनती है। साइकिल मिलने से यह समस्या काफी हद तक दूर होगी और छात्राएं नियमित रूप से अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी।

उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा मजबूत होगी तो समाज और प्रदेश का भविष्य भी मजबूत होगा। शासन की ऐसी योजनाएं छात्राओं को शिक्षा से जोड़ने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाती हैं।

 शिक्षा अधिकारियों और स्कूल स्टाफ की मौजूदगी में हुआ आयोजन।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी बीएल देवांगन, सहायक संचालक नंदकिशोर सिन्हा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी बंजारा, संस्था के प्राचार्य केके शुक्ला, प्रभारी प्राचार्य शैलेंद्र सोनी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

इस दौरान सभी पात्र छात्राओं को निःशुल्क सरस्वती साइकिल प्रदान की गई। साइकिल प्राप्त होने पर छात्राओं में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का संचालन छात्र संघ प्रभारी हिरेंद्र कुमार साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रभारी प्राचार्य शैलेंद्र सोनी ने किया।

विद्यालय परिवार ने शासन की इस योजना को छात्राओं के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे ग्रामीण एवं दूर-दराज से आने वाली छात्राओं को विशेष लाभ मिलेगा तथा उनकी शिक्षा की राह और आसान होगी।







Post a Comment

Previous Post Next Post