🟧 जिला पंचायत सदस्य से सांसद और अब राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पहुंचीं रूपकुमारी।
महासमुंद। महासमुंद लोकसभा की सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। जमीनी राजनीति से संगठन के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचीं रूपकुमारी चौधरी का यह सफर महासमुंद के साथ पूरे छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
2005 में जिला पंचायत सदस्य के रूप में शुरू किया सफर
रूपकुमारी चौधरी का राजनीतिक सफर वर्ष 2005 में सरायपाली विधानसभा क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य के रूप में शुरू हुआ। इसके बाद वर्ष 2006 में वे भाजपा जिला महासमुंद की कार्यकारिणी सदस्य बनीं। वर्ष 2009 में उन्होंने राज्य सहकारी संघ, रायपुर में प्रतिनिधि की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2010 में वे बसना विधानसभा क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य चुनी गईं।
वर्ष 2011 में भाजपा महिला मोर्चा, महासमुंद की जिला महामंत्री बनीं और वर्ष 2013 में बसना विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुईं। वर्ष 2014 में उन्हें भाजपा छत्तीसगढ़ में प्रदेश मंत्री और वर्ष 2015 में छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में संसदीय सचिव की जिम्मेदारी मिली।
2019 में जिला अध्यक्ष, 2024 में सांसद बनीं
वर्ष 2019 में रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महासमुंद जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली। इसके बाद वर्ष 2024 में महासमुंद लोकसभा सीट से सांसद निर्वाचित होकर उन्होंने संसद में प्रवेश किया। वर्ष 2025 से वे भाजपा छत्तीसगढ़ की प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
अब वर्ष 2026 में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उन्हें नई और बड़ी जिम्मेदारी मिली है।
राजनीति विज्ञान में बीए और एमए
5 जुलाई 1976 को महासमुंद जिले के बसना ब्लॉक के ग्राम धनापाली में जन्मीं रूपकुमारी चौधरी ने राजनीति विज्ञान में बीए और एमए की शिक्षा प्राप्त की है। उनका मूल निवास ग्राम हर्राटार, पोस्ट सरायपाली, जिला महासमुंद रहा है और वर्तमान में वे बसना में निवासरत हैं।
जिला पंचायत से शुरू हुआ राजनीतिक सफर अब भाजपा के राष्ट्रीय महिला नेतृत्व तक पहुंच गया है। यह उपलब्धि महासमुंद और छत्तीसगढ़ की राजनीति में उनके बढ़ते कद को दर्शाती है।




