पिथौरा, बसना, पटेवा और सरायपाली में कार्रवाई; 34.860 लीटर शराब जब्त।
महासमुंद। जिले में अवैध महुआ एवं देशी शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ महासमुंद पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पिथौरा, बसना, पटेवा और सरायपाली थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 6 प्रकरण दर्ज किए और 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान कुल 34.860 लीटर अवैध शराब, जिसकी कीमत करीब 10,808 रुपये बताई गई है, जब्त की गई। इसके अलावा शराब परिवहन में इस्तेमाल एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है।
पिथौरा थाना क्षेत्र में दो कार्रवाई
पिथौरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर इंदिरा कॉलोनी लाखागढ़ में कार्रवाई की। यहां मोहन वासुदेव और उसके पुत्र रवि वासुदेव के घर-बाड़ी में बिक्री के लिए रखी 15 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 3 हजार रुपये है, बरामद की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 211/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इसी तरह हमर ढाबा, लहरौद पड़ाव पिथौरा में पुलिस ने दबिश देकर शरद तिवारी, फेगन प्रजापति और राजेंद्र प्रजापति को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 3.240 लीटर देसी प्लेन शराब, जिसकी कीमत करीब 1,440 रुपये है, जब्त की गई। मामले में अपराध क्रमांक 212/26, धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इस मामले में कमलेश डडसेना के फरार होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
बसना में दो मामलों में कार्रवाई
बसना थाना पुलिस ने ग्राम बिजराभाटा में पंकज गुप्ता के कब्जे से बिक्री के लिए रखी 6 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब, कीमत करीब 1,200 रुपये, बरामद की। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 461/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
वहीं ग्राम दुधीपाली, ताला पुल के पास पुलिस ने राकेश नायक के कब्जे से 3.600 लीटर शराब, कीमत करीब 2,400 रुपये, जब्त की। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 460/26, धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पटेवा में बाइक से शराब परिवहन करते आरोपी पकड़ा
पटेवा थाना पुलिस ने NH-53 स्थित ग्राम टूरीडीह में कार्रवाई करते हुए हरिवंश मिर्धा को शराब परिवहन करते पकड़ा। आरोपी अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GN 5227 से 5.580 लीटर देसी प्लेन शराब ले जा रहा था। जब्त शराब की कीमत करीब 2,480 रुपये तथा मोटरसाइकिल की कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 160/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
सरायपाली में भी पुलिस की कार्रवाई
सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम माधोपाली में पुलिस ने दिनेश सिंह को 1.440 लीटर अवैध महुआ शराब, कीमत करीब 288 रुपये, के साथ पकड़ा। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 274/26 के तहत आबकारी एक्ट में कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए थाना एवं चौकी स्तर पर लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी है। पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।




