महासमुंद |
महासमुंद जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोमाखान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जाए जा रहे 22.160 किलो अवैध गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा, स्कूटी और दो मोबाइल सहित कुल 12 लाख 26 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बिना नंबर की जुपिटर स्कूटी में सवार दो युवक ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए गांजा लेकर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने ग्राम टेमरी जांच नाका पर नाकेबंदी कर वाहन जांच शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध स्कूटी को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान स्कूटी की सीट, डिक्की और एक बैग में छिपाकर रखा गया 22.160 किलो गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान विशाल अहिरवार (18), निवासी जिगना, जिला दतिया (मध्यप्रदेश) तथा संदीप अहिरवार (18), निवासी टूका किलचुवारा, थाना बबिना, जिला झांसी (उत्तरप्रदेश) के रूप में बताई। दोनों ने स्वीकार किया कि वे गांजा केसिंगा (ओडिशा) से खरीदकर दतिया (मध्यप्रदेश) ले जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 112/2026 के तहत धारा 20(B)(II)(C) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
जब्त सामग्री
- 22.160 किलो अवैध गांजा (कीमत लगभग 11.08 लाख रुपये)
- एक जुपिटर स्कूटी (कीमत 1.15 लाख रुपये)
- दो मोबाइल फोन (कीमत 3,500 रुपये)
कुल जब्त संपत्ति : 12 लाख 26 हजार 500 रुपये।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।



