15वें वित्त की राशि में कथित गड़बड़ी: ग्राम पंचायत बार की सरपंच-सचिव से जनपद कार्यालय में हुई पूछताछ।

ग्रामीणों की शिकायत पर जांच तेज, दोनों पक्षों के बयान दर्ज; अब साक्ष्यों के आधार पर होगी अगली कार्रवाई।

बलौदाबाजार - भाटापारा(बारनवापारा)। जनपद पंचायत कसडोल अंतर्गत ग्राम पंचायत बार में 15वें वित्त आयोग की राशि एवं विभिन्न निर्माण कार्यों में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद सोमवार को जनपद पंचायत कार्यालय में सरपंच एवं तत्कालीन सचिव के बयान दर्ज किए गए। जांच टीम ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद मामले की आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, जनपद सदस्य श्रीमती दुर्गावती एवं गांव के 10 ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत कर पंचायत में 15वें वित्त आयोग की राशि के उपयोग और निर्माण कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर गठित जांच दल ने मामले की पड़ताल शुरू की।

इस क्रम में सोमवार, 3 अगस्त को जनपद पंचायत के सभागार में जांच अधिकारी विश्वनाथ जांगड़े तथा वरिष्ठ करारोपण अधिकारी प्रकाश साहू ने शिकायतकर्ताओं की उपस्थिति में ग्राम पंचायत बार की सरपंच श्रीमती खिलेश्वरी यादव एवं तत्कालीन सचिव जोहिल सिंह के बयान दर्ज किए।

इससे पहले 25 जुलाई को जांच दल ने पंचायत भवन का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों का स्थल परीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान एकत्रित तथ्यों के आधार पर 1 अगस्त को सरपंच और सचिव को आवश्यक दस्तावेज एवं साक्ष्यों सहित उपस्थित होने का नोटिस जारी किया गया था।

जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश साहू ने बताया कि नियमानुसार दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। अब प्रस्तुत दस्तावेजों, तकनीकी परीक्षण और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी। जांच रिपोर्ट तैयार होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ग्राम पंचायत बार में कथित भ्रष्टाचार के इस मामले पर ग्रामीणों की नजरें अब जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।










Post a Comment

Previous Post Next Post