🚔 2. अवैध शराब के खिलाफ बलौदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 110 लीटर शराब समेत ₹97 हजार की संपत्ति जप्त।
महासमुंद/बलौदा। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बलौदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 110 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शराब परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की स्कूटी और मोबाइल सहित कुल ₹97 हजार की संपत्ति जप्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 08 अगस्त 2026 को बलौदा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति बिना नंबर की स्कूटी में भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब लेकर ग्राम हरीबनपुर से ग्राम पाईकपारा की ओर जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और हरीबनपुर से पाईकपारा जाने वाले कच्चे मार्ग पर जांच शुरू की।
इसी दौरान बिना नंबर की स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों घबरा गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम योगेश चौधरी पिता देवसिंह चौधरी, उम्र 24 वर्ष, निवासी कुटेला, थाना सरायपाली तथा किशन भोई पिता संतलाल भोई, उम्र 26 वर्ष, निवासी कुटेला, थाना सरायपाली बताया।
पुलिस द्वारा दोनों की विधिवत तलाशी लेने पर स्कूटी में रखी दो प्लास्टिक बोरियों के अंदर डिब्बों में कुल 110 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत ₹22 हजार बताई गई है।
₹97 हजार की संपत्ति जप्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध शराब के अलावा परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी, कीमत करीब ₹70 हजार, तथा एक मोबाइल फोन, कीमत ₹5 हजार भी जप्त किया। इस तरह पुलिस द्वारा आरोपियों से कुल ₹97 हजार की संपत्ति जप्त की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपियों का कृत्य धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पाए जाने पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। मामले में अपराध क्रमांक 50/2026 दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी
जिला पुलिस महासमुंद द्वारा अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। बलौदा पुलिस की इस कार्रवाई को इसी अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।



