प्रदेशभर में संगठन विस्तार पर जोर, फेडरेशन ने सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक सशक्तिकरण का लिया संकल्प।
बसना/महासमुंद, 13 जुलाई। छत्तीसगढ़ गांड़ा समाज फेडरेशन की रायपुर संभाग स्तरीय बैठक रविवार को महासमुंद जिले के बसना स्थित मंगल भवन में आयोजित की गई। बैठक में रायपुर संभाग के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा शामिल हुए। कार्यक्रम में समाज की एकजुटता, संगठन विस्तार तथा सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक सशक्तिकरण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अनुसूचित जाति वर्ग में अधिसूचित होने के बावजूद गांड़ा समाज लंबे समय तक प्रदेश स्तर पर अपेक्षित पहचान और प्रतिनिधित्व से वंचित रहा। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए समाज के विभिन्न संगठनों और युवाओं को एक मंच पर लाने के लिए छत्तीसगढ़ गांड़ा समाज फेडरेशन का गठन किया गया, जो आज पूरे प्रदेश में सामाजिक एकीकरण और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम में फेडरेशन के संरक्षक एवं सरायपाली के पूर्व विधायक रामलाल चौहान, संरक्षक पुनीतराम चौहान, सलाहकार कुमार लाल चौहान, हरिशंकर चौहान, प्रांतीय संयोजक टी.आर. जगदल्ले, सरायपाली विधायक चातुरी डिग्रीलाल नंद, रायपुर संभाग के उप संयोजक चंद्रशेखर सोनवानी, पुष्पलता चौहान, प्रांतीय सचिव रवि बघेल, कोषाध्यक्ष प्रेमलाल चौहान सहित रायपुर संभाग के अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत में संरक्षक पुनीतराम चौहान ने फेडरेशन के उद्देश्यों, संगठन की कार्यप्रणाली और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए प्रदेश के सभी सामाजिक संगठनों एवं समाज के लोगों से फेडरेशन के साथ जुड़कर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक में रायपुर, गरियाबंद, महासमुंद सहित रायपुर संभाग के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने समाज में शिक्षा, सामाजिक समरसता, युवाओं की भागीदारी तथा संगठन विस्तार को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
इस अवसर पर उपस्थित समाजजनों ने रामलाल चौहान को छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे समाज के सम्मान और प्रतिनिधित्व की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। बैठक का समापन समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक उत्थान के संकल्प के साथ हुआ।
