देवेश निषाद बने भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के रायगढ़ जिला प्रभारी।

संगठन ने अनुभव और सक्रिय कार्यशैली पर जताया भरोसा, कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल।


पिथौरा। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार और पिछड़ा वर्ग मोर्चा को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए पिथौरा नगर पंचायत के पांचवीं बार निर्वाचित अध्यक्ष देवेश निषाद को भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा का रायगढ़ जिला प्रभारी नियुक्त किया है। यह नियुक्ति पार्टी संगठन द्वारा जारी अधिकृत आदेश के माध्यम से की गई है।


देवेश निषाद भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ता के रूप में संगठन में कार्य करते रहे है। स्थानीय निकाय की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़, जनसरोकारों से जुड़ाव तथा संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। नगर पंचायत पिथौरा के अध्यक्ष के रूप में लगातार पांचवीं बार जनता का विश्वास प्राप्त करना उनके जनाधार और लोकप्रियता को दर्शाता है।


रायगढ़ जिला प्रभारी के रूप में देवेश निषाद पर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन करने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करने तथा पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। संगठन को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में मोर्चा रायगढ़ जिले में और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी भूमिका निभाएगा।


नियुक्ति की जानकारी मिलते ही पिथौरा सहित महासमुंद जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों ने देवेश निषाद को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और नेतृत्व कौशल से पार्टी को रायगढ़ जिले में नई ऊर्जा मिलेगी तथा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के संगठनात्मक कार्यों को और गति प्राप्त होगी।


देवेश निषाद ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की रीति-नीति और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए वे कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post